उत्तराखंड

छात्रा से छेड़छाड़ के आरोप पर बवाल, शिक्षकों ने किया कार्य बहिष्कार

Admindelhi1
18 Nov 2026 9:43 AM IST
छात्रा से छेड़छाड़ के आरोप पर बवाल, शिक्षकों ने किया कार्य बहिष्कार
x
MBPG कॉलेज में बढ़ा विवाद, छेड़छाड़ के आरोप के बाद शिक्षकों की हड़ताल

हल्द्वानी: एमबीपीजी कॉलेज में बीएससी की छात्रा द्वारा एक प्राध्यापक पर छेड़छाड़ का आरोप लगाए जाने के बाद शुरू हुआ विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। छात्रा की शिकायत के बाद कॉलेज परिसर में शिक्षक के साथ हुई मारपीट को लेकर मंगलवार को प्राध्यापकों ने कार्य बहिष्कार कर दिया। शिक्षकों ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने और तथ्यों के आधार पर कार्रवाई करने की मांग की है।

जानकारी के मुताबिक, कॉलेज में अध्ययनरत बीएससी की एक छात्रा ने एक प्राध्यापक के खिलाफ छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए आंतरिक शिकायत समिति (पॉश कमेटी) में शिकायत दर्ज कराई थी। सोमवार को मामला सामने आने के बाद कॉलेज परिसर में हंगामे की स्थिति बन गई। छात्रा के कुछ सहपाठियों ने आरोपित प्राध्यापक को घेर लिया और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।

बताया जा रहा है कि इस दौरान छात्रों ने शिक्षक को कॉलेज परिसर में दौड़ाकर पीटा। घटना से परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और हस्तक्षेप करते हुए शिक्षक को छात्रों के चंगुल से छुड़ाया।

इसके बाद पुलिस आरोपित शिक्षक और शिकायतकर्ता छात्रा को कोतवाली लेकर गई। जानकारी के अनुसार, शिक्षक की ओर से माफी मांगे जाने के बाद छात्रा ने प्राथमिकी दर्ज कराने से इनकार कर दिया। हालांकि, इस घटनाक्रम के बाद भी कॉलेज में विवाद शांत नहीं हुआ।

Next Story