उत्तराखंड

Udham Singh Nagar: रेलवे जमीन पर अतिक्रमण पर बड़ी कार्रवाई

Admindelhi1
25 April 2026 1:48 PM IST
Udham Singh Nagar: रेलवे जमीन पर अतिक्रमण पर बड़ी कार्रवाई
x

उधम सिंह नगर: जनपद उधम सिंह नगर के किच्छा-पंतनगर हाईवे स्थित एम्स के पास रेलवे भूमि पर निर्मित एक अवैध मजार को जिला प्रशासन और रेलवे की संयुक्त टीम ने शनिवार तड़के ध्वस्त कर हटा दिया। राज्य में अब तक सरकारी भूमि से 582 अवैध संरचनाएं हटाई गई हैं।

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, अवैध संरचना को हटाने से पूर्व मजार प्रबंधन को इज्जतनगर रेलवे प्रशासन एवं जिला प्रशासन की ओर से कई बार नोटिस जारी किए गए थे। नोटिस की निर्धारित अवधि समाप्त होने के बावजूद प्रबंधन की ओर से न तो भूमि संबंधी वैध दस्तावेज प्रस्तुत किए गए और न ही अतिक्रमण हटाया गया।

अपर जिला अधिकारी पंकज उपाध्याय ने बताया कि इज्जतनगर रेलवे प्रशासन द्वारा 26 मई 2023 और 18 सितंबर 2025 को नोटिस जारी कर भूमि के स्वामित्व संबंधी दस्तावेज मांगे गए थे। इसके बाद 25 अप्रैल 2026 को रेलवे ने जिला प्रशासन से सुरक्षा बल उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। जिलाधिकारी नितिन भदौरिया के निर्देश पर संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए अवैध मजार को हटाया।

अधिकारियों ने बताया कि ध्वस्तीकरण के दौरान संरचना के नीचे किसी प्रकार के अवशेष नहीं पाए गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह अतिक्रमण रेलवे की विस्तार योजना के साथ-साथ बरेली–नैनीताल राज्य मार्ग के चौड़ीकरण कार्य में भी बाधा उत्पन्न कर रहा था।

प्रशासन ने बताया कि राज्य में अब तक सरकारी भूमि से 582 अवैध संरचनाएं हटाई जा चुकी हैं। राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार के अतिक्रमण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी।

Next Story