उत्तराखंड

दो पक्ष जमीन विवाद को लेकर भिड़े, जमकर चले लाठी डंडे और हुई फायरिंग

Admin Delhi 1
26 July 2022 9:12 AM GMT
दो पक्ष जमीन विवाद को लेकर भिड़े, जमकर चले लाठी डंडे और हुई फायरिंग
x

रुद्रपुर क्राइम न्यूज़: शहर के रायपुर में मंगलवार सुबह दो पक्षों में जमीन विवाद को लेकर जमकर बवाल हो गया। धारदार हथियार के साथ लाठी डंडों से एक दूसरे पर हमला बोल दिया। तमंचे और पिस्टल से भी कई राउंड फायरिंग हुई। इस दौरान दोनों पक्षों की दो महिलाओं समेत 12 लोग घायल हो गए। सूचना पर एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल, सीओ सिटी अभय सिंह, कोतवाल विक्रम राठौर पुलिस कर्मियों के साथ पहुंचे और घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। मामले में कुछ लोगों को हिरासत में लिया है। सीओ सिटी अभय सिंह ने बताया कि भूमि विवाद में मारपीट और फायरिंग हुई है। कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया है। पूछताछ की जा रही है, इसके बाद मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

जानकारी के मुताबिक, मंगलवार सुबह रायपुर गांव निवासी राजेंद्र सिंह जमीन पर ट्रैक्टर लेकर जुताई कर रहे थे। इसी बीच जगीर पक्ष के लोग आ गए और उनके बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग मौके पर पहुंच गए और एक दूसरे पर लाठी डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। खून खराबे के दौरान एक दूसरे पर पिस्टल और तमंचों से भी फायर किए गए। बवाल के दौरान राजेंद्र सिंह के साथ ही उसके परिवार के मंजीत सिंह, रोहित, सुखचैन सिंह, विक्रम सिंह, अमनजीत सिंह, करनजीत सिंह घायल हो गए। जबकि जगीर सिंह के साथ ही उसकी पत्नी रेशम कौर, सुरेंद्र कौर पत्नी मलकीत सिंह, सुरजीत सिंह, पुष्पेंद्र सिंह, धन सिंह घायल हो गए।

यह है मामला: रायपुर गांव निवासी राजेंद्र सिंह और जगीर सिंह के बीच तीन एकड़ भूमि को लेकर विवाद चल रहा है। राजेंद्र सिंह पक्ष का कहना है कि 1997 में उन्होंने यह जमीन जगीर सिंह से खरीदी थी, जिसके कागजात भी उनके पास है। जबकि जगीर पक्ष के लोगों का कहना है कि वे लोग जबरन जमीन पर कब्जा करना चाह रहे हैं।

Next Story