उत्तराखंड

मल्लिकार्जुन खरगे की जनसभा को लेकर हल्द्वानी में ट्रैफिक डायवर्जन लागू

nidhi
8 Aug 2026 11:14 AM IST
मल्लिकार्जुन खरगे की जनसभा को लेकर हल्द्वानी में ट्रैफिक डायवर्जन लागू
x
खरगे की जनसभा से पहले हल्द्वानी में ट्रैफिक प्लान बदला जानें नए रूट

हल्द्वानी : उत्तराखंड के हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की बड़ी जनसभा आज, 8 अगस्त को रामलीला मैदान में होने जा रही है। जनसभा को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने शहर के लिए विशेष ट्रैफिक और पार्किंग प्लान लागू किया है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे घर से निकलने से पहले बदले हुए यातायात इंतजामों की जानकारी जरूर ले लें।

रामलीला मैदान में होगी जनसभा
खरगे की जनसभा को उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से कांग्रेस का महत्वपूर्ण कार्यक्रम माना जा रहा है। पार्टी ने बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के जुटने का लक्ष्य रखा है। रैली में पलायन, बेरोजगारी, महिला अपराध और किसानों से जुड़े मुद्दे उठाए जाने की बात सामने आई है।
अलग-अलग रूट से आने वाले वाहनों के लिए पार्किंग तय
नैनीताल पुलिस की ओर से जारी ट्रैफिक व्यवस्था के मुताबिक जनसभा में आने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं।
रामपुर रोड से आने वाले वाहन: एचएन इंटर कॉलेज में पार्क होंगे।
बरेली रोड से आने वाले वाहन: लक्ष्मी शिशु मंदिर, मंगलपड़ाव में पार्क किए जाएंगे। खटीमा और सितारगंज से आने वाले वाहन: गोलापार आरटीओ फिटनेस सेंटर के सामने सड़क के बाईं ओर पार्क होंगे। पर्वतीय क्षेत्रों से आने वाले वाहन: ठंडी सड़क (नहर कवरिंग) और खालसा इंटर कॉलेज मैदान में पार्क किए जाएंगे। कालाढूंगी और रामनगर से आने वाले वाहन: जेल रोड तिराहा होते हुए पर्वतीय उत्थान मंच और लगन गार्डन में पार्क होंगे।
आम लोगों से यात्रा पहले प्लान करने की अपील
पुलिस ने हल्द्वानी आने-जाने वाले लोगों से अपील की है कि वे ट्रैफिक व्यवस्था का पालन करें और जरूरत के अनुसार वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें। बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और वाहनों के पहुंचने की वजह से शहर में यातायात का दबाव बढ़ने की संभावना है। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि जनसभा के दौरान यातायात व्यवस्था प्रभावित होने पर आयोजकों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
चुनावी लिहाज से अहम मानी जा रही रैली
कांग्रेस हल्द्वानी की इस जनसभा को कुमाऊं क्षेत्र में अपनी राजनीतिक सक्रियता बढ़ाने के मौके के तौर पर देख रही है। पार्टी की तैयारियों के मुताबिक कुमाऊं के साथ गढ़वाल क्षेत्र से भी कार्यकर्ताओं के पहुंचने की योजना है। इसलिए आज हल्द्वानी में राजनीतिक गतिविधियों के साथ-साथ ट्रैफिक और पार्किंग व्यवस्था पर भी पुलिस की विशेष नजर रहेगी।

Next Story