उत्तराखंड

गंगोत्री यात्रा मार्ग पर सुरक्षा का कड़ा पहरा, सीओ उत्तरकाशी ने लिया जमीनी फीडबैक

SHIDDHANT
27 April 2026 8:50 PM IST
गंगोत्री यात्रा मार्ग पर सुरक्षा का कड़ा पहरा, सीओ उत्तरकाशी ने लिया जमीनी फीडबैक
x
Gangotri Dham/Uttarkashi गंगोत्री धाम/उत्तरकाशी। चारधाम यात्रा 2026 के दौरान श्री यमुनोत्री धाम और गंगोत्री धाम में प्रतिदिन हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने से यात्रा मार्गों पर रौनक बढ़ गई है। श्रद्धालुओं की यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए उत्तरकाशी पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रही है। पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया गया है।
यात्रा व्यवस्थाओं की प्रभावी निगरानी के लिए वरिष्ठ अधिकारी लगातार फील्ड में मौजूद रहकर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। इसी क्रम में पुलिस उपाधीक्षक जनक सिंह पंवार ने 26 अप्रैल को गंगोत्री धाम एवं यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों एवं एसडीआरएफ जवानों की तैनाती, सुरक्षा प्रबंधों और भीड़ नियंत्रण व्यवस्था की गहन समीक्षा की गई।
निरीक्षण के दौरान घाटों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। यात्रियों को जेबकतरों और असामाजिक तत्वों से सतर्क रहने के लिए लाउ डहेलर के माध्यम से लगातार जागरूक किया जा रहा है। वहीं, भीड़भाड़ वाले इलाकों, संकरे मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर निगरानी बढ़ा दी गई है।
सीओ उत्तरकाशी ने मौके पर मौजूद जवानों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि विषम भौगोलिक परिस्थितियों और बढ़ती भीड़ के बीच अधिक सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी करना बेहद आवश्यक है। आगामी यात्रा पीक सीजन को देखते हुए उन्होंने विशेष रूप से उन क्षेत्रों में नजर बनाए रखने के निर्देश दिए, जहां श्रद्धालुओं की संख्या तेजी से बढ़ सकती है।
भ्रमण के दौरान पुलिस उपाधीक्षक ने श्रद्धालुओं से सीधे संवाद कर यात्रा और सुरक्षा व्यवस्थाओं का फीडबैक भी लिया। कई यात्रियों ने पुलिस प्रशासन द्वारा किए जा रहे इंतजामों की सराहना की और व्यवस्थाओं को संतोषजनक बताया। अधिकारियों ने यात्रियों से सहयोग बनाए रखने, निर्धारित मार्गों का पालन करने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस से संपर्क करने की अपील की।
चारधाम यात्रा के बढ़ते दबाव के बीच उत्तरकाशी पुलिस की सक्रियता यह संदेश दे रही है कि प्रशासन श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को लेकर पूरी तरह गंभीर है। पुलिस का कहना है कि हर यात्री की यात्रा सुरक्षित, व्यवस्थित और सुखद बनाने के लिए हर संभव प्रयास जारी रहेंगे।
Next Story