उत्तराखंड

Corbett टाइगर रिजर्व में बाघ की दहाड़, अजगर बना शिकार

Ratna Netam
6 July 2026 10:14 PM IST
Corbett टाइगर रिजर्व में बाघ की दहाड़, अजगर बना शिकार
x

रामनगर (उत्तराखंड)। कॉर्बेट टाइगर रिजर्व से वन्यजीवन का एक रोमांचक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक बाघ दिनदहाड़े एक विशालकाय अजगर का शिकार करता हुआ नजर आ रहा है। यह वीडियो झिरना रेंज का बताया जा रहा है, हालांकि वन विभाग की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

वीडियो में देखा जा सकता है कि बाघ अचानक अजगर पर हमला करता है और कुछ ही पलों में उसे मार देता है। इसके बाद वह अजगर को अपने मुंह में दबाकर घने जंगल की ओर ले जाता दिखाई देता है। इस दृश्य को देखने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों में काफी उत्साह देखा जा रहा है और यह वीडियो तेजी से शेयर किया जा रहा है।

बताया जा रहा है कि यह दुर्लभ दृश्य किसी पर्यटक या वन्यजीव प्रेमी द्वारा जंगल सफारी के दौरान कैमरे में रिकॉर्ड किया गया और बाद में सोशल मीडिया पर साझा किया गया। वीडियो वायरल होने के बाद यह घटना चर्चा का विषय बन गई है।

वन विभाग के उप प्रभागीय वनाधिकारी अमित ग्वासाकोटी ने बताया कि जंगल में बाघ द्वारा अजगर का शिकार करना कोई असामान्य बात नहीं है। उन्होंने कहा कि यह पूरी तरह प्राकृतिक प्रक्रिया है, जिसमें बाघ कई बार बड़े सरीसृपों का भी शिकार कर लेते हैं। यह जंगल की खाद्य श्रृंखला का हिस्सा है और समय-समय पर ऐसी घटनाएं देखने को मिलती रहती हैं।

वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि ऐसे वीडियो को रोमांच के रूप में देखें, लेकिन वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास में हस्तक्षेप न करें और सफारी के दौरान सुरक्षित दूरी बनाए रखें।

Next Story