नालों में गोबर डालने वालों पर लगेगा जुर्माना, गंगा घाटों से हटेगा अतिक्रमण

हरिद्वार: गंगा नदी को स्वच्छ और प्रदूषणमुक्त बनाए रखने के लिए हरिद्वार प्रशासन ने सख्ती की तैयारी कर ली है। डीएफओ स्वप्निल अनिरुद्ध की अध्यक्षता में आयोजित जिला गंगा समिति की 78वीं बैठक में गंगा संरक्षण और घाटों की सफाई को लेकर विभिन्न विभागों को जरूरी निर्देश दिए गए।
बैठक में नगर निगम को डेयरी संचालकों को नालों में गोबर नहीं डालने के लिए जागरूक करने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के चालान काटने के निर्देश दिए गए। प्लास्टिक और गंदगी फैलाने वालों पर भी कार्रवाई करने को कहा गया।
वहीं, जल संस्थान को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए कि किसी भी स्थिति में नाले या गंदा पानी गंगा में न पहुंचे। गंगा किनारे घाटों से अतिक्रमण हटाने के लिए गठित टीमों को अभियान तेज करने को कहा गया।
डीएफओ ने सभी विभागों से आपसी समन्वय के साथ काम करने और गंगा की स्वच्छता एवं संरक्षण को प्राथमिकता देने की अपील की।





