उत्तराखंड

उत्तराखंड विधानसभा में हुईं नियुक्तियों में हुई गड़बड़ी की होगी जांच: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी

Admin Delhi 1
29 Aug 2022 11:22 AM GMT
उत्तराखंड विधानसभा में हुईं नियुक्तियों में हुई गड़बड़ी की होगी जांच: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी
x

देवभूमि देहरादून न्यूज़: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विधानसभा में नियुक्तियों में गड़बड़ी की आ रही शिकायतों पर कहा कि विधानसभा एक संवैधानिक संस्था है और हम विधानसभा अध्यक्षा से अनुरोध करेंगे कि विधानसभा में जितनी भी भर्तियां हुई हैं, जिनमें शिकायत आ रही हैं, वे नियुक्ति चाहें किसी भी कालखंड की हों, उनमें निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। विधानसभा अध्यक्षा द्वारा जांच के विषय में राज्य सरकार से जो भी सहयोग मांगा जायेगा, वह दिया जायेगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की भर्तियों में आ रही गड़बड़ी की शिकायतों पर भी बात की। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बहुत ही गंभीर विषय है तथा हमारे प्रदेश के सभी नौजवानों के रोजगार से जुड़ा मामला है। अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की भर्तियों में जहां भी गड़बड़ी की शिकायत प्राप्त हो रही है, वहां हमने सख्त जांच के आदेश दे दिये हैं। कुछ मामले एसटीएफ को दिये गये हैं एवं कुछ पर विजिलेंस को नियुक्त किया गया है। सभी मामलों पर कार्यवाही चल रही है जिसका परिणाम आप सभी के सामने आ भी रहा है कि अभी तक 27 गिरफ्तारी हो चुकी हैं। उन्होंने कहा कि भर्ती घोटालों में किसी को भी नही बख्शा जायेगा, चाहे किसी के हाथ कितने भी लंबे क्यों न हों कानून अपना काम करेगा।

एक नजीर बनाना चाहते हैं: मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे हम आगे के लिये भी एक नजीर बनाना चाहते हैं जिससे इस घटना की पुनरावृत्ति न हो क्योंकि हमें अपने बेटे-बेटियों के आज और कल की चिंता है, उनके वर्तमान एवं भविष्य का सवाल है। हमें प्रदेश में भर्ती प्रक्रियाओं का ऐसा सिस्टम बनाना होगा कि आगे भविष्य में कोई इस तरह का कृत्य करने की सोच भी न सके। लगातार जांच चल रही हैं जिसके परिणाम धीरे-धीरे आप सभी के समक्ष आते जा रहे हैं।

Next Story