उत्तराखंड

उत्तराखंड में मौसम का दोहरा मिजाज, पहाड़ों में बारिश-बर्फबारी के आसार

Admindelhi1
10 Oct 2026 2:13 PM IST
उत्तराखंड में मौसम का दोहरा मिजाज, पहाड़ों में बारिश-बर्फबारी के आसार
x
उत्तराखंड में पहाड़ों पर बारिश-बर्फबारी, मैदानों में शुष्क मौसम का अनुमान

देहरादून: उत्तराखंड में मौसम का मिजाज अगले कुछ दिनों तक बदलता रह सकता है। मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, शनिवार को राज्य के सभी जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में 3500 मीटर से अधिक ऊंचाई पर बर्फबारी के आसार हैं। वहीं, 11 अक्टूबर को हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्की बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है।

मौसम विभाग ने 10 अक्टूबर को देहरादून, टिहरी, चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, नैनीताल, चम्पावत, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं आकाशीय बिजली चमकने, गरज के साथ बारिश होने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चलने की चेतावनी दी है।

पूर्वानुमान के मुताबिक, 12 अक्टूबर को देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं हल्की बारिश तथा 3500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है। अन्य जिलों में मौसम शुष्क रह सकता है। 13 और 14 अक्टूबर को देहरादून, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, नैनीताल और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं हल्की बारिश तथा ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार हैं।

विभाग के अनुसार, 15 अक्टूबर को राज्य के सभी जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान 3500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है। 16 अक्टूबर को कुमाऊं मंडल में कुछ स्थानों और गढ़वाल मंडल में कहीं-कहीं बारिश या बर्फबारी हो सकती है।

मौसम विभाग ने आकाशीय बिजली और तेज हवाओं की आशंका वाले क्षेत्रों में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। बिजली चमकने के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने तथा सुरक्षित स्थान पर आश्रय लेने की अपील की गई है।

उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले में शुक्रवार, 9 अक्टूबर को अतिवृष्टि, ओलावृष्टि और तेज आंधी-तूफान से फसलों को नुकसान पहुंचने के साथ बिजली के खंभों, पेड़ों और अन्य परिसंपत्तियों के क्षतिग्रस्त हुई है।

जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र से प्राप्त जानकारी के अनुसार, बाजपुर और गदरपुर तहसीलों के विभिन्न क्षेत्रों में मौसम खराब होने के कारण नुकसान क्षति का आकलन करने के लिए संबंधित क्षेत्रों में राजस्व उपनिरीक्षकों की ओर से स्थलीय सर्वेक्षण किया जा रहा है। प्रशासन के अनुसार, नुकसान की विस्तृत जानकारी सर्वेक्षण पूरा होने के बाद उपलब्ध कराई जाएगी।

Next Story