उत्तराखंड

उत्‍तराखंड में मौसम ने एक बार फिर बदला करवट

Rounak Dey
28 April 2023 5:22 PM GMT
उत्‍तराखंड में मौसम ने एक बार फिर बदला करवट
x
अप्रैल में दिसंबर जैसे पड़ रही ठंड

जनता से रिश्ता वेबडेस्क | बागेश्वर: उत्‍तराखंड के बागेश्‍वर जिले में मौसम ने एक बार फिर करवट बदली है। हिमालयी गांवों तक हिमपात हुआ है। ओलावृष्टि के कारण ठंड बढ़ गई है। लोग अप्रैल माह के अंत में दिसंबर जैसे ठंड से परेशान हैं। शुक्रवार को भी आसमान पर हल्के बादल छाए हुए हैं।

बीते गुरुवार की रात को कपकोट तहसील से लगभग 28 किमी दूर कर्मी-विनायक तक हिमपात हुआ। इससे पूर्व ओलावृष्टि हुई। जिससे हिमालयी गांवों में कड़ाके की ठंड बनी हुई है। पिंडारी, धाकुड़ी, चिल्टा टाप समेत अन्य गांवों में अप्रैल माह में हिमपात होने से दिसंबर जैसा मौसम बना हुआ है। क्षेत्र के घाटी वाले भू-भाग में सुबह कोहरा छा गया।

मौसम ने लोगों को परेशान कर दिया

स्थानीय निवासी दीवान सिंह दानू ने कहा कि इस बार मौसम ने लोगों को परेशान कर दिया है। जाड़ों में वर्षा नहीं हुई। लेकिन ग्रीष्म ऋतु प्रारंभ से ही वर्षा, ओलावष्टि और हिमपात के कारण ठंड बरकरार है। बीच में चटक धूप निकलने से गर्मी होने लगी थी।

अधिकतर लोगों ने कंबल, रजाई और गरम कपड़े रख दिए थे। लेकिन अप्रैल अंतिम सप्ताह में फिर से गरम कपड़े निकालने पड़े हैं। लोग ठंड से बचने के लिए अलाव जला रहे हैं। बुग्यालों की तरफ गए भेड़ पालक भी हिमपात के कारण नीचे की तरफ आने लगे हैं। यदि मौसम कुछ दिन ऐसा ही बना रहा तो हिमालयी गांवों की चोटियों से गांव तक हिमपात होने की संभावना बनी हुई है।

ओलावृष्टि और वर्षा से किसानों की आफत

गेहूं की फसल लगभग पक कर तैयार हो गई है। किसान फसल समेटने में जुट गए हैं। लेकिन मौसम उन्हें साथ नहीं दे रहा है। जिसके कारण उनकी परेशानी बढ़ गई है। ओलावृष्टि से सब्जियां और फलों का व्यापक नुकसान होने की संभावना बनी है। लेकिन अन्य फसलों की बुआई के लिए वर्षा किसानों के अनुकूल बताई जा रही है।

मौसम विभाग के अनुसार हल्की वर्षा, ओलावृष्टि, आकाशीय बिजल गिरने की संभावना व्यक्त की गई है। लोगों को ऐसे मौसम में सावधानी बरतनी है। तहसीलों से आपदा कंट्रोल रूप लगाता संपर्क में है।

Next Story