राष्ट्र की असली ताकत नागरिकों के संस्कार और चरित्र में: राज्यपाल

हरिद्वार: उत्तराखंड के राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने कहा कि किसी भी राष्ट्र की वास्तविक शक्ति उसके नागरिकों के चरित्र, संस्कार, अनुशासन और नैतिक मूल्यों में निहित होती है। उन्होंने समाज में सत्य, करुणा, सेवा और ईमानदारी जैसे मूल्यों को मजबूत करने पर जोर दिया।
शनिवार को देव संस्कृति विश्वविद्यालय में अखिल विश्व गायत्री परिवार के शताब्दी समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि अखंड ज्योति के अवतरण की शताब्दी और माता भगवती देवी शर्मा का जन्मशताब्दी वर्ष आध्यात्मिक चेतना तथा जनकल्याण का प्रेरणादायी अवसर है।
राज्यपाल ने राष्ट्र निर्माण में महिलाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि बेटियों को शिक्षित और आत्मनिर्भर बनाना आने वाली पीढ़ियों को सशक्त बनाने का माध्यम है।
उन्होंने युवाओं से आधुनिक विज्ञान, तकनीक और अनुसंधान के क्षेत्र में आगे बढ़ने के साथ अपनी संस्कृति और नैतिक मूल्यों से जुड़े रहने का आह्वान किया।
देव संस्कृति विश्वविद्यालय की सराहना करते हुए राज्यपाल ने कहा कि संस्थान भारतीय ज्ञान परंपरा, योग और अध्यात्म को आधुनिक विज्ञान से जोड़ने का कार्य कर रहा है।
उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के दौर में तकनीकी प्रगति के साथ मानवीय संवेदना और नैतिक विवेक भी जरूरी है। राज्यपाल ने विकसित भारत-2047 के लक्ष्य के लिए भौतिक विकास के साथ नैतिक और आध्यात्मिक उन्नति को भी आवश्यक बताया।





