
x
किच्छा। एक ट्रक चालक ने नगर के रुद्रपुर मार्ग स्थित लालपुर चौकी के सामने वाहन चेकिंग कर रही पुलिस टीम को कुचलने का प्रयास किया। घटना में एक पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया है। घटना के बाद आरोपी चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया जिसे पुलिस टीम ने घेराबंदी कर पकड़ लिया। घायल पुलिसकर्मी को गंभीर अवस्था में जिला मुख्यालय स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार देवरिया टोल प्लाजा स्थित लालपुर चौकी के निकट लालपुर चौकी प्रभारी सुनील बिष्ट, कांस्टेबल लक्ष्मण सिंह बिष्ट अन्य पुलिसकर्मियों के साथ रविवार की देर रात ओवरलोड वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे लकड़ी से भरे ट्रक संख्या यूके 06 सीए 7713 को पुलिस टीम ने रुकने का इशारा किया।
पुलिस के अनुसार ट्रक चालक ने पुलिस को देखकर ट्रक को रोकने की बजाय उसकी रफ्तार और बढ़ा दी। ट्रक को तेज गति से आता देख सामने खड़े पुलिसकर्मी लक्ष्मण सिंह बिष्ट ने बचने का प्रयास किया, परंतु ट्रक चालक पुलिसकर्मी को जोरदार टक्कर मारता हुआ मौके से फरार हो गया। घटना में लक्ष्मण सिंह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर गया।
जिसके बाद पुलिस कर्मियों में हड़कंप मच गया। घायल लक्ष्मण सिंह को एंबुलेंस की मदद से रुद्रपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। घटना के बाद हरकत में आई पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी ट्रक चालक को ट्रक सहित पकड़ लिया। कोतवाली प्रभारी धीरेंद्र कुमार ने बताया कि आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्यवाही शुरू कर दी गई है।

Admin4
Next Story