उत्तराखंड

हल्द्वानी में ऑटो-विक्रम चालकों पर परिवहन विभाग का शिकंजा

Admindelhi1
23 Sept 2026 9:09 AM IST
हल्द्वानी में ऑटो-विक्रम चालकों पर परिवहन विभाग का शिकंजा
x
परिवहन विभाग की कार्रवाई से ऑटो-विक्रम चालकों में हड़कंप

हल्द्वानी: शहर में ऑटो और विक्रम वाहनों में नियमों के उल्लंघन के खिलाफ परिवहन विभाग ने मंगलवार को विशेष चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान 75 से अधिक वाहनों के चालान किए गए, जबकि आठ वाहनों को मौके पर ही सीज कर दिया गया।

संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा) हल्द्वानी संभाग अरविंद पाण्डेय के निर्देश पर परिवहन विभाग की छह टीमों ने शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों और क्षेत्रों में वाहनों की जांच की। अभियान में मुख्य रूप से अत्यधिक धुआं छोड़ने वाले वाहनों, बिना वैध प्रदूषण प्रमाण पत्र (पीयूसी) संचालित ऑटो-विक्रम, निर्धारित किराये से अधिक वसूली और किराया सूची प्रदर्शित नहीं करने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

विभाग के अनुसार बिना वैध पीयूसी के संचालित 10 वाहनों के चालान किए गए। वहीं, मौके पर 50 से अधिक वाहनों की प्रदूषण जांच कराकर उनके वैध प्रमाण पत्र जारी करवाए गए। वाहनों में किराया सूची प्रदर्शित नहीं करने पर 25 वाहनों के खिलाफ भी चालानी कार्रवाई की गई।

अभियान में परिवहन कर अधिकारी पवन कुमार, अपराजिता पांडे और अनुभा आर्य तथा परिवहन उपनिरीक्षक गिरीश कांडपाल, आर.सी. पवार और नंदन सिंह प्रवर्तन दल के साथ शामिल रहे।

आरटीओ अरविंद पाण्डेय ने तिपहिया वाहन स्वामियों और चालकों से सभी वैध दस्तावेज पूरे रखने, वाहनों में किराया सूची स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने और यात्रियों के साथ सौम्य व्यवहार करने की अपील की। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित वाहन के परमिट के खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है। विभाग ने अभियान आगे भी लगातार जारी रखने की बात कही है।

Next Story