उत्तराखंड

खानपुर की जनता ने भी विधायक उमेश कुमार को फ्लाप कहना शुरू किया

Admin Delhi 1
3 May 2023 6:08 AM GMT
खानपुर की जनता ने भी विधायक उमेश कुमार को फ्लाप कहना शुरू किया
x

रुड़की: खानपुर विधानसभा की जनता ने बड़ी उम्मीदों के साथ इस बार नए चेहरे को अपनी विधानसभा का सरताज चुना था। खानपुर विधानसभा की जनता को पूरा विश्वास था कि वह उनके क्षेत्र में पनप रही समस्याओं को खत्म करने का काम करेंगे लेकिन ऐसा होता दिख नहीं रहा है जिसके चलते अब तो खानपुर की जनता भी विधायक उमेश कुमार को फ्लाप कहना शुरू कर दिया है।

खानपुर विधानसभा की जनता का विश्वास जीतने में चुनाव से पहले ही उमेश कुमार पत्रकार कामयाब हो गए थे और इसी के चलते क्षेत्र की जनता ने भी उन पर विश्वास करते हुए प्रणव सिंह चैंपियन को भारी मतों से हराते हुए उमेश कुमार को अपना विधायक चुना था। चुनाव के समय उमेश कुमार पत्रकार ने क्षेत्र की जनता से जो वायदे किए थे वह अभी तक भी पूरे नहीं हो पाए हैं। खानपुर विधानसभा में समस्याओं का अंबार लगा हुआ है और क्षेत्र की जनता आज भी परेशान चली आ रही है। मिलाप नगर में तो जलभराव की समस्या आज भी जस की तस बनी हुई है जबकि विधायक उमेश कुमार ने कहा था कि वह पानी की समस्या का निदान परमानेंट कराएंगे। लेकिन आज भी मिलापनगर की जनता गंदे पानी से होकर गुजरने को मजबूर है। वही शिवाजीनगर हो या फिर अशोकनगर तमाम आदि कॉलोनियों में जलभराव की समस्या ज्यों की त्यों बनी हुई है। अब तो क्षेत्र की जनता भी विधायक उमेश कुमार पत्रकार को फ्लाप कहती दिखाई दे रही है। क्षेत्र की जनता का कहना है कि उन्होंने जो विश्वास करके उन्हें विधायक चुना था वह उस पर खरे नहीं उतर पा रहे हैं। जनता समस्याओं से कल भी परेशान थी और आज भी परेशान हैं। क्षेत्र की जनता का साफ कहना है कि बदलाव होने के बावजूद भी समस्याएं मुंह बा कर खड़ी है।

Next Story