समग्र विकास का मार्ग अंत्योदय के विचार से होकर जाता है : धामी

खटीमा: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके विचारों और योगदान का स्मरण किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एकात्म मानववाद और अंत्योदय के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय का जीवन-दर्शन प्रत्येक जनसेवक के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के कल्याण और उत्थान को विकास का आधार माना। अंत्योदय का उनका विचार समग्र एवं समावेशी विकास के लिए सदैव मार्गदर्शक रहेगा।
धामी ने कहा कि राज्य सरकार अंत्योदय की भावना के अनुरूप गरीबों, किसानों, महिलाओं, युवाओं और समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिए कार्य कर रही है। सरकार का प्रयास है कि विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, मेयर विकास शर्मा, ब्लॉक प्रमुख रीना गौतम, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी अजय गणपति सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।





