उत्तराखंड

बदरीनाथ धाम से हटेगा बिजली के तारों का जाल, भूमिगत होंगी विद्युत लाइनें

Admindelhi1
28 Nov 2026 7:45 AM IST
बदरीनाथ धाम से हटेगा बिजली के तारों का जाल, भूमिगत होंगी विद्युत लाइनें
x
बदरीनाथ यात्रा से पहले विकास कार्य पूरे करने के निर्देश, डीएम ने की समीक्षा

गोपेश्वर: उत्तराखंड के प्रसिद्ध बदरीनाथ धाम में बिजली के तारों को भूमिगत करने की तैयारियां तेज हो गई हैं। मास्टर प्लान के तहत प्रस्तावित इस योजना से धाम का स्वरूप अधिक व्यवस्थित और आकर्षक होने के साथ विद्युत आपूर्ति व्यवस्था भी मजबूत होगी।

जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में संबंधित विभागों को खुदाई से प्रभावित होने वाली सड़कों और अन्य परिसंपत्तियों का आकलन करने के निर्देश दिए गए। डीएम ने पुनर्निर्माण के प्रस्ताव जल्द उपलब्ध कराने और बजट की व्यवस्था समय पर सुनिश्चित करने को कहा।

योजना के तहत धाम में 11 केवी और एलटी विद्युत लाइनों को भूमिगत किया जाएगा। निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए रिंग सिस्टम विकसित करने के साथ एलटी फीडर पैनल स्थापित किए जाएंगे। दो कॉम्पैक्ट सब स्टेशन का निर्माण पहले ही पूरा हो चुका है।

जिलाधिकारी ने मास्टर प्लान के अन्य विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय से निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने आगामी बदरीनाथ यात्रा शुरू होने से पहले सभी आवश्यक कार्य प्राथमिकता से पूरे करने को कहा, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

Next Story