पंतनगर विश्वविद्यालय के 67वें स्थापना दिवस में शामिल हुए राज्यपाल

पंतनगर (ऊधमसिंह नगर) : फसलों के संकर बीज उत्पादन से लेकर मत्स्य पालन, डेयरी और मशरूम उत्पादन तक—गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय में मंगलवार को राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने कृषि अनुसंधान के विभिन्न कार्यों की जानकारी ली। वह विश्वविद्यालय के 67वें स्थापना दिवस समारोह में शामिल होने पहुंचे थे।
राज्यपाल ने विश्वविद्यालय की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस दौरान वैज्ञानिकों ने उन्हें विभिन्न शोध परियोजनाओं और उत्पादन प्रणालियों के बारे में बताया। उन्होंने परिसर का निरीक्षण कर कृषि क्षेत्र में किए जा रहे शोध एवं नवाचारों को जाना।
निरीक्षण के क्रम में राज्यपाल इंटीग्रेटेड फार्मिंग सिस्टम मॉडल, क्रॉप रिसर्च सेंटर और मक्का संकर बीज उत्पादन केंद्र पहुंचे। उन्होंने मक्का की पॉपकॉर्न तथा स्वीट कॉर्न किस्मों से जुड़े कार्यों की जानकारी भी प्राप्त की।
मत्स्य बीज हैचरी, डेयरी एवं कुक्कुट फार्म के साथ पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान महाविद्यालय का भी निरीक्षण किया गया। राज्यपाल ने बद्री और साहीवाल गाय, मुर्रा भैंस तथा कुक्कुट और बकरी पालन से संबंधित शोध कार्यों के बारे में जाना।
इस दौरान उन्होंने वर्मी कंपोस्ट, आंवला, सिंघाड़ा और मशरूम यूनिट का अवलोकन किया। एजोला पॉन्ड सहित अन्य इकाइयों में चल रहे कार्यों की जानकारी भी ली।





