उत्तराखंड

अंकिता हत्याकांड में 24 नवंबर को होगा पूर्व विधायक का नार्को टेस्ट

Admindelhi1
23 Nov 2026 2:54 PM IST
अंकिता हत्याकांड में 24 नवंबर को होगा पूर्व विधायक का नार्को टेस्ट
x
नार्को टेस्ट के लिए गांधीनगर रवाना हुए सुरेश राठौर

हरिद्वार: उत्तराखंड के चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड की सीबीआई जांच अब एक नए चरण में पहुंच गई है। पूर्व विधायक सुरेश राठौर सोमवार को नार्को टेस्ट कराने के लिए गुजरात के गांधीनगर रवाना हो गए। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 24 नवंबर को उनका नार्को टेस्ट कराया जाएगा।

गांधीनगर रवाना होने से पहले सुरेश राठौर ने बयान जारी कर सीबीआई जांच में पूर्ण सहयोग करने की बात कही। उन्होंने बताया कि जांच एजेंसी की ओर से उन्हें नोटिस प्राप्त हो चुका है। जांच प्रक्रिया को लेकर उन्हें किसी प्रकार की आपत्ति नहीं है और वह अपना पक्ष रखने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

राठौर ने कहा कि अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने और प्रकरण की वास्तविकता सामने लाने के लिए वह जांच एजेंसी का हर स्तर पर सहयोग करेंगे। निर्धारित प्रक्रिया के तहत उनका नार्को टेस्ट 24 नवंबर को गांधीनगर में होगा।

अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े विभिन्न सवालों के बीच उत्तराखंड सरकार ने सीबीआई जांच की सिफारिश की थी। इसके बाद जांच एजेंसी ने प्रकरण से संबंधित लोगों से पूछताछ शुरू की।

सीबीआई की टीम इससे पहले हरिद्वार पहुंचकर पूर्व विधायक सुरेश राठौर से पूछताछ कर चुकी है। अभिनेत्री उर्मिला सनावर से भी जांच एजेंसी ने जानकारी जुटाई थी। जेल से बाहर आने के बाद उर्मिला ने देहरादून में सीबीआई के समक्ष अपने बयान दर्ज कराए थे।

दरअसल, अंकिता भंडारी प्रकरण से संबंधित कुछ कथित ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे। इनमें सुरेश राठौर और उर्मिला सनावर के बीच बातचीत होने का दावा किया गया था। ऑडियो सामने आने के बाद उत्तराखंड से लेकर दिल्ली तक राजनीतिक हलचल तेज हो गई थी।

इस मामले में सुरेश राठौर और उर्मिला सनावर के खिलाफ हरिद्वार और देहरादून में मुकदमे भी दर्ज कराए गए थे। अब नार्को टेस्ट के माध्यम से सीबीआई अपनी जांच को आगे बढ़ा रही है।

24 नवंबर को होने वाले नार्को टेस्ट और सीबीआई की आगामी कार्रवाई पर सभी की नजरें हैं। हालांकि, जांच पूरी होने और आधिकारिक निष्कर्ष सामने आने के बाद ही प्रकरण से संबंधित आरोपों और दावों की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी।

Next Story