
उत्तराखंड : वीकेंड पर पर्यटकों के उमड़ने से चकराता में रौनक बढ़ गई। शनिवार देर शाम को चकराता छावनी बाजार में पर्यटकों के आने से व्यापारियों के चेहरे खिल उठे। पर्यटकों ने चकराता में प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद भी लिया।
शनिवार को पर्यटक चकराता छावनी क्षेत्र के केसरी बाजार से लेकर चौक बाजार तक घूमते नजर आए। पर्यटकों ने ऊनी कपड़े और हिमाचली टोपी खरीदी। पर्यटकों ने स्थानीय उत्पादन में बुरांस का शर्बत, लाल चावल, चकराता के राजमा, गहत की दाल, पहाड़ी साबुत धनिया, लहसुन, चुल्लू का तेल, भंगजीरा, मंडुवे का आटा, पहाड़ी हल्दी, जखिया, झंगोरा, अदरक के अचार आदि की खरीदारी की।
पर्यटकों ने चकराता के खूबसूरत पर्यटन स्थलों का दीदार भी किया। जिसमें चिरमिरी सनसेट सनराइज प्वाइंट, देववन, टाइगर फाल, मोइला टाप बुग्याल, बुधेर गुफा, कोटी कनासर, लोखंडी आदि पर्यटक स्थलों पर पर्यटकों ने खूब आनंद लिया। इन यादगार पलों को कैमरे में भी कैद किया। पर्यटकों की आमद से स्थानीय कारोबारी बेहद खुश नजर आ रहे हैं।
शनिवार तक चकराता क्षेत्र के होम स्टे, होटल और रिसार्ट में आक्यूपेंसी करीब 70 प्रतिशत रही। अधिकतर सैलानियों ने आनलाइन माध्यम से होटल व रिसार्ट बुक कराए। व्यापारी अशोक कुमार गोयल, प्रताप सिंह चौहान, अमित अरोड़ा, राजेंद्र अरोड़ा, दिनेश चांदना, संजय जैन आदि का कहना है कि पर्यटकों की आमद से चकराता का व्यापार सुधरता है। छावनी बाजार में पर्यटक कुछ न कुछ खरीदारी जरूर करते हैं। स्थानीय उत्पाद पर्यटकों को पसंद आते हैं।
