बदरीनाथ धाम के कपाट बंद, ज्योतिर्मठ पहुंची आदि गुरु शंकराचार्य की पवित्र गद्दी

ज्योतिर्मठ: उत्तराखंड के प्रसिद्ध बदरीनाथ धाम के कपाट 16 नवंबर को शीतकाल के लिए बंद होने के बाद बुधवार को आदि गुरु शंकराचार्य की पवित्र गद्दी मुख्य पुजारी रावल के साथ ज्योतिर्मठ स्थित श्री नृसिंह मंदिर पहुंची। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन और पुष्पवर्षा के साथ पवित्र गद्दी का भव्य स्वागत किया।
योगबदरी पांडुकेश्वर से रवाना हुई पवित्र गद्दी का गोविंदघाट, विष्णुप्रयाग मंदिर, मारवाड़ी और बीआरओ कैंप में स्वागत किया गया। इसके बाद बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती की अगुवाई में डिग्री कॉलेज गेट से बैंड की मधुर धुनों, महिला मंगल दलों और स्कूली बच्चों के भजन-कीर्तन के साथ गद्दी श्री नृसिंह मंदिर पहुंची।
मंदिर परिसर में धर्माधिकारी स्वयंबर सेमवाल और वेदपाठियों ने विधिवत पूजा-अर्चना संपन्न कराई। इसके बाद पवित्र गद्दी को श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए रखा गया और फिर निर्धारित गद्दी स्थल पर विराजमान किया गया।
इस विशेष अवसर पर श्री नृसिंह मंदिर और अन्य मंदिरों को 17 क्विंटल फूलों से सजाया गया। श्री वासुदेव मंदिर और नव दुर्गा मंदिर सहित आसपास के मंदिरों को रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाया गया। श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का आयोजन कर प्रसाद वितरण भी किया गया।
बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कहा कि देव डोलियों के शीतकालीन प्रवास स्थलों पर पहुंचने के साथ इस वर्ष की यात्रा का विधिवत समापन हो गया है और शीतकालीन यात्रा शुरू हो गई है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार शीतकालीन यात्रा को बढ़ावा देने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में ऋषिकेश स्थित यात्रा ट्रांजिट कैंप में शीतकालीन यात्रा के लिए पंजीकरण काउंटर स्थापित किए गए हैं।
कार्यक्रम के दौरान चार नवंबर को काशी की संस्कृति संसद में सम्मानित होने पर बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती का भी अभिनंदन किया गया।
इस अवसर पर बीकेटीसी के पदाधिकारी, धर्माधिकारी, वेदपाठी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, महिला मंगल दलों के सदस्य और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।





