उत्तराखंड

डीएम ने अपर रोड प्राथमिक विद्यालय के नए भवन का प्रस्ताव मांगा

Admindelhi1
15 Oct 2026 4:06 PM IST
डीएम ने अपर रोड प्राथमिक विद्यालय के नए भवन का प्रस्ताव मांगा
x
नए भवन के लिए अपर रोड प्राथमिक विद्यालय का प्रस्ताव तलब

हरिद्वार: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में जनपद की शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित लगातार प्रयास कर रहे हैं। इसी क्रम में उन्होंने गुरुवार को अपर रोड स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय का औचक निरीक्षण कर शैक्षणिक व्यवस्थाओं और उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। पुराने विद्यालय भवन के स्थान पर नया भवन बनाने के लिए उन्होंने मुख्य शिक्षा अधिकारी को प्रस्ताव तैयार कर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी विभिन्न कक्षाओं में पहुंचे और छात्र-छात्राओं से पाठ्यक्रम से संबंधित सवाल पूछे। उन्होंने बच्चों से गणित के प्रश्न भी हल करवाए। विद्यार्थियों द्वारा सवालों के सही जवाब देने पर जिलाधिकारी ने उनका उत्साहवर्धन किया और पढ़ाई के प्रति उनकी रुचि की सराहना की।

डीएम ने शिक्षिकाओं को निर्देश दिए कि बच्चों को किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक शिक्षा भी दी जाए, ताकि वे सीखी गई बातों का दैनिक जीवन में उपयोग कर सकें। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए पढ़ाई के साथ खेलकूद और रचनात्मक गतिविधियां भी जरूरी हैं।

खेल मैदान की जरूरत पर दिया जोर

जिलाधिकारी ने विद्यालय भवन की स्थिति का निरीक्षण करते हुए मुख्य शिक्षा अधिकारी अमित चंद को पुराने भवन के स्थान पर नया विद्यालय भवन बनाने के लिए आवश्यक प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालय में खेल मैदान की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि खेलकूद के लिए पर्याप्त स्थान मिलने से बच्चों में शारीरिक क्षमता, अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास का विकास होता है।

डीएम ने कहा कि जनपद में शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार करना और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए विद्यालयों में जरूरी सुविधाओं के विकास और शिक्षण व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

निरीक्षण के दौरान मुख्य शिक्षा अधिकारी अमित चंद, प्रधानाध्यापिका सपना रानी, जिला सूचना अधिकारी रती लाल शाह, विद्यालय की शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Next Story