उत्तराखंड

धामी सरकार 26 नवंबर को पेश करेगी पांच साल का रिपोर्ट कार्ड, महेंद्र भट्ट ने बताईं उपलब्धियां

Admindelhi1
25 Nov 2026 1:19 PM IST
धामी सरकार 26 नवंबर को पेश करेगी पांच साल का रिपोर्ट कार्ड, महेंद्र भट्ट ने बताईं उपलब्धियां
x
रोजगार, निवेश और विकास पर सरकार देगी जवाब, 26 नवंबर को आएगा रिपोर्ट कार्ड

देहरादून: उत्तराखंड की मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली सरकार 26 नवंबर को अपने पांच साल के कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने रखेगी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने मंगलवार को इसकी जानकारी देते हुए कहा कि सरकार अपने कार्यकाल की प्रमुख उपलब्धियों, जनहित के फैसलों और विकास कार्यों का ब्यौरा साझा करेगी।

महेंद्र भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। इनमें समान नागरिक संहिता (UCC), सख्त नकल विरोधी कानून, धर्मांतरण विरोधी कानून और सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने जैसे फैसले शामिल हैं।

उन्होंने दावा किया कि पारदर्शी भर्ती व्यवस्था के जरिए हजारों युवाओं को सरकारी सेवाओं में अवसर मिला है। ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के माध्यम से निवेश की संभावनाएं बढ़ी हैं और उद्योगों के विकास के प्रयास किए जा रहे हैं।

भट्ट ने पर्यटन, चारधाम यात्रा, सड़क और हवाई कनेक्टिविटी तथा ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना को भी विकास की महत्वपूर्ण उपलब्धियों में शामिल बताया।

उन्होंने कहा कि लखपति दीदी अभियान, महिला स्वयं सहायता समूहों, होमस्टे और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देकर ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है। इन योजनाओं से गांवों में रोजगार के अवसर बढ़ाने और पलायन रोकने पर जोर है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि 26 नवंबर को जारी होने वाला रिपोर्ट कार्ड सरकार की जवाबदेही और पारदर्शिता को दर्शाएगा। उन्होंने विपक्ष पर विकास का ठोस एजेंडा नहीं होने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा 2027 के विधानसभा चुनाव में अपनी उपलब्धियों के आधार पर जनता के बीच जाएगी।

Next Story