उत्तराखंड

नैनीताल में छात्रा की तलाश के दौरान मिला था शव, अब पहचान हुई

Admindelhi1
20 Nov 2026 2:25 PM IST
नैनीताल में छात्रा की तलाश के दौरान मिला था शव, अब पहचान हुई
x
नैनीझील में मिले शव की पहचान के बाद परिवार में शोक

नैनीताल: ठंडी सड़क के समीप नैनीझील में बुधवार को मिले अज्ञात व्यक्ति के शव की पहचान मल्लीताल के चार्टन लॉज निवासी रमेश कुमार (47) पुत्र गिरि कुमार के रूप में हुई है। गुरुवार शाम शिनाख्त होने के बाद परिवार में शोक छा गया। पुलिस पंचायतनामा की कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया कर रही है।

शव मिलने का घटनाक्रम एक छात्रा की तलाश से जुड़ा था। बुधवार, 18 नवंबर की सुबह डीसीबी कॉलेज प्रबंधन ने तल्लीताल पुलिस को बताया था कि परीक्षा में देरी से पहुंची एक छात्रा झील में कूदने की धमकी देकर चली गई है। सूचना पर पुलिस ठंडी सड़क क्षेत्र में उसकी तलाश कर रही थी।

इसी दौरान दोपहर करीब एक बजे पाषाण देवी मंदिर के पास झील में एक शव उतराता दिखाई दिया। पुलिस ने नौका चालकों की मदद से शव बाहर निकलवाया। तत्काल पहचान नहीं होने पर उसे मोर्चरी में रखवाया गया और शिनाख्त के प्रयास शुरू किए गए।

परिवार के अनुसार, रमेश नगर के होटलों में अस्थायी काम करते थे और कई बार वहीं रुक जाते थे। वह मंगलवार से घर नहीं लौटे थे। आसपास शादी का आयोजन होने और उनके अक्सर होटल में ठहरने के कारण परिवार को शुरुआत में अनहोनी का संदेह नहीं हुआ। उनके पास मोबाइल फोन भी नहीं था। बताया गया है कि घटना के दिन उन्हें झील किनारे लेटे हुए देखा गया था।

रमेश के परिवार में पत्नी, एक पुत्र और दो पुत्रियां हैं। उनकी मौत से परिजनों और क्षेत्र में शोक का माहौल है।

तल्लीताल थाने के उपनिरीक्षक राकेश सिंह ने बताया कि पहचान के लिए आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों से भी जानकारी का मिलान किया जा रहा था। गुरुवार शाम शिनाख्त हो सकी। उन्होंने कहा कि मृत्यु का सही कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगा। मामले की जांच जारी है।

Next Story