देहरादून में 29 नवंबर को सजेगा 52वां खलंगा मेला, गोरखाली वीरता को किया जाएगा नमन

देहरादून: ऐतिहासिक नालापानी युद्ध के वीर सेनानायक कुंवर बलभद्र थापा और उनके सैनिकों के शौर्य एवं बलिदान की स्मृति में 52वें खलंगा मेले का आयोजन 29 नवंबर को सहस्रधारा रोड स्थित सागरताल नालापानी में किया जाएगा। बलभद्र खलंगा विकास समिति की ओर से आयोजित दो दिवसीय कार्यक्रम में सैन्य इतिहास और लोकसंस्कृति की झलक देखने को मिलेगी।
समिति के अध्यक्ष कर्नल विक्रम सिंह थापा ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य ऐतिहासिक विरासत और वीर सैनिकों के पराक्रम से नई पीढ़ी को परिचित कराना है। कार्यक्रमों की शुरुआत 28 नवंबर को युद्ध स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित करने और खलंगा बहादुरी साइकिल रैली से होगी।
29 नवंबर को सुबह 10:30 बजे मुख्य मेले का शुभारंभ होगा। इसमें गोरखाली, गढ़वाली और कुमाऊंनी लोक कलाकार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे। पारंपरिक गीतों, गोरखाली व्यंजनों, परिधानों और आभूषणों के स्टॉल भी मेले के प्रमुख आकर्षण रहेंगे। आयोजन में जनप्रतिनिधियों सहित कई गणमान्य लोगों को आमंत्रित किया गया है।





