टिहरी को मेडिकल कॉलेज की सौगात, 200 बेड का होगा जिला अस्पताल

नई टिहरी: उत्तराखंड के टिहरी जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को लेकर महत्वपूर्ण पहल हुई है। टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय ने जिला अस्पताल बौराड़ी को 200 बेड में अपग्रेड करने और इणियां में मेडिकल कॉलेज निर्माण के निर्णय पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी तथा स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल का आभार जताया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि चुनाव आचार संहिता लागू होने से पहले मेडिकल कॉलेज का शिलान्यास हो जाएगा।
शनिवार को पत्रकार वार्ता में विधायक ने बताया कि वह वर्ष 2006 से मेडिकल कॉलेज की मांग को लेकर प्रयास कर रहे हैं। वर्ष 2022 में उन्होंने मुख्यमंत्री के समक्ष अपनी 10 प्रमुख प्राथमिकताओं में मेडिकल कॉलेज को सबसे ऊपर रखा था। जुलाई 2024 में केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने उनके प्रस्ताव पर टीएचडीसी को मेडिकल कॉलेज निर्माण के निर्देश दिए थे।
विधायक ने कहा कि कुछ कारणों से परियोजना अटक गई थी, लेकिन स्थानीय लोगों के आंदोलन, सत्याग्रह और भूख हड़ताल के बाद सरकार ने मांग स्वीकार की है।
उन्होंने बताया कि जिला अस्पताल में 37 करोड़ रुपये की लागत से क्रिटिकल केयर यूनिट (CCU) ब्लॉक भी बनाया जाएगा। इस परियोजना की राशि वापस जाने की आशंका थी, लेकिन शासन स्तर पर बातचीत के बाद अब इसके जल्द शिलान्यास की उम्मीद है।
विधायक के अनुसार, जिला अस्पताल को 200 बेड में अपग्रेड करने और क्रिटिकल केयर ब्लॉक बनने के बाद अस्पताल की कुल क्षमता 250 बेड हो जाएगी। उन्होंने मेडिकल कॉलेज के लिए भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के निर्देश भी दिए हैं।





