
Uttarakhand उत्तराखंड : नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान’ के तहत पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। टनकपुर क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 253 ग्राम अवैध स्मैक के साथ एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 75 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल, 900 रुपये नकद और एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है। इस कार्रवाई को ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत अंजाम दिया गया, जिसमें पुलिस की संयुक्त टीम लगातार क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चला रही थी।
पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने बताया कि चेकिंग अभियान के दौरान टनकपुर में मनिहारगोठ क्षेत्र के पास रेलवे पटरी के नजदीक एक संदिग्ध युवक को रोका गया। तलाशी लेने पर उसके पास से बड़ी मात्रा में स्मैक बरामद हुई, जिसके बाद उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 21 वर्षीय तस्लीम मंसूरी, निवासी बनबसा के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह उत्तर प्रदेश के पीलीभीत से स्मैक लाकर क्षेत्र में सप्लाई करता था। पुलिस अब उसके नेटवर्क और इस तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है।
अधिकारियों के अनुसार, यह गिरोह लंबे समय से नशे की सप्लाई में सक्रिय हो सकता है और इसके पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस तस्करी में कौन-कौन लोग शामिल हैं और सप्लाई चैन कैसे संचालित हो रहा था।
इस कार्रवाई को नशा मुक्त अभियान के तहत एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है, जिससे क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार पर रोक लगाने में मदद मिलेगी। पुलिस का कहना है कि ऐसे अभियानों को आगे भी लगातार जारी रखा जाएगा और नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और उसके आपराधिक रिकॉर्ड तथा संपर्कों की जांच की जा रही है। पुलिस ने मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।





