
x
मरीजों का आंकड़ा 383 के पार
देहरादून: उत्तराखंड में स्वाइन फ्लू यानी H1N1 संक्रमण के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। बुधवार को प्रदेश में 25 नए मरीजों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। इसके साथ ही राज्य में अब तक सामने आए मरीजों की संख्या बढ़कर 383 हो गई है। लगातार बढ़ रहे मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर है और अस्पतालों में स्क्रीनिंग बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार कुल 383 मरीजों में से 67 मरीज अभी एक्टिव हैं। इन मरीजों का प्रदेश के अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है। संक्रमण के नए मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीमें मरीजों की ट्रैवल हिस्ट्री और उनके संपर्क में आए लोगों की जानकारी भी जुटा रही हैं।
देहरादून में सर्वाधिक 258 मामले
स्वाइन फ्लू का सबसे ज्यादा असर राजधानी देहरादून में देखने को मिल रहा है। प्रदेश में अब तक सामने आए कुल 383 मामलों में से 258 मरीज अकेले देहरादून जिले से हैं देहरादून में लगातार मरीज मिलने के कारण स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है। जहां भी स्वाइन फ्लू का नया मरीज सामने आ रहा है वहां रैपिड रिस्पॉन्स टीम पहुंचकर संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आए लोगों की जांच कर रही है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार शर्मा के मुताबिक संक्रमण की चेन तोड़ने के लिए कई टीमें काम कर रही हैं। विभाग की कोशिश है कि संक्रमण को बड़े स्तर पर फैलने से रोका जाए।
अस्पतालों में स्क्रीनिंग बढ़ाने के निर्देश
स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामलों के बीच स्वास्थ्य सचिव विनय शंकर पांडेय ने अधिकारियों को रोकथाम के लिए सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। अस्पतालों में मरीजों की स्क्रीनिंग बढ़ाने और संदिग्ध लक्षण वाले लोगों की समय पर जांच कराने को कहा गया है। स्वास्थ्य विभाग ने अधिकारियों को साफ निर्देश दिए हैं कि संक्रमण की रोकथाम में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
डेंगू के भी पांच नए मरीज
स्वाइन फ्लू के साथ देहरादून में डेंगू के मामले भी सामने आ रहे हैं। बुधवार को जिले में डेंगू के पांच नए मरीजों की पुष्टि हुई। इसके बाद डेंगू मरीजों की संख्या बढ़कर 145 हो गई है। इनमें 17 मरीज अभी एक्टिव हैं और उनका अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है। बुधवार को सामने आए डेंगू के सभी पांच मरीज देहरादून के रहने वाले हैं। इसके अलावा चिकनगुनिया के भी दो नए मरीज मिले हैं। डेंगू की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग और नगर निगम की टीमें घर-घर जाकर लार्विसाइड का छिड़काव कर रही हैं।
लक्षण दिखने पर जांच कराने की सलाह
स्वाइन फ्लू में बुखार खांसी गले में दर्द शरीर में दर्द सिरदर्द और थकान जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं। स्वास्थ्य विभाग का जोर संदिग्ध मरीजों की जल्द पहचान और इलाज पर है। प्रदेश में लगातार बढ़ रहे H1N1 मामलों को देखते हुए आने वाले दिनों में स्वास्थ्य विभाग की निगरानी और तेज रहने की संभावना है। खास तौर पर देहरादून में संक्रमण की चेन को रोकना विभाग के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है।
Next Story





