उत्तराखंड

भारत में अमेरिका मूल की महिला की संदिग्ध मौत

Nilmani Pal
21 Nov 2021 4:43 PM GMT
भारत में अमेरिका मूल की महिला की संदिग्ध मौत
x

हल्द्वानी मेडिकल चौकी क्षेत्र के एक अस्पताल में बीते शनिवार रात अमेरिका मूल की एक वृद्ध महिला की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रख दिया है। इसके बाद मामले की रिपोर्ट पुलिस ने एसएसपी, डीएम और सिटी मजिस्ट्रेट को भेज दी है। वहीं अमेरिका में रहने वाली वृद्धा की बेटी को भी इसकी सूचना दे दी गई है। पुलिस के अनुसार संयुक्त राज्य अमेरिका के टेक्सास प्रांत निवासी यवेटे क्लेयर रोजर (69) इन दिनों चोरगलिया निवासी मीनाक्षी बजेठा के घर रहती थीं। रोजर धार्मिक प्रवृत्ति की महिला थीं। उनका कैंची धाम मंदिर से लंबे समय से काफी लगाव था। इससे पहले वह जागेश्वर धाम समेत कई अन्य धामों की यात्रा कर चुकी थीं।

लंबे समय से वह भारत में रह रही थीं। उन्होंने यहां से पीएचडी भी की थी। इस बार उनका वीजा 7 फरवरी 2028 तक का था, जो 8 फरवरी 2018 को जारी हुआ था। मामले में मेडिकल चौकी प्रभारी अनिल आर्या ने बताया कि वृद्धा रोजर चोरगलिया में भी पूजा-पाठ करती रहती थीं। बीते शनिवार रात अचानक तबीयत खराब होने पर मीनाक्षी उन्हें क्षेत्र के एक निजी अस्पताल में लाई थीं, जहां पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव मोर्चरी में रखवा दिया है। वृद्धा की बेटी अमेरिका में ही रहती है। उससे सम्पर्क कर जानकारी दे दी गई है। इसके अलावा इसकी रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भी भेज दी गई है। इसके बाद शासन, प्रशासन अपने स्तर से एम्बेसी से वार्ता कर अग्रिम कार्रवाई करेगा।


Next Story