उत्तराखंड

पौड़ी में स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण, बिना अनुमति छुट्टी पर मिले डॉक्टर का वेतन रोकने के निर्देश

Admindelhi1
21 Nov 2026 12:30 PM IST
पौड़ी में स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण, बिना अनुमति छुट्टी पर मिले डॉक्टर का वेतन रोकने के निर्देश
x
बिना अनुमति छुट्टी पर मिले चिकित्साधिकारी, डीएम ने दिए कार्रवाई के निर्देश

पौड़ी गढ़वाल: उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में सरकारी अस्पतालों की व्यवस्थाओं और मरीजों को मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं की जांच के लिए जिलाधिकारी ने शुक्रवार को स्वास्थ्य संस्थानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान पैठाणी स्थित होम्योपैथिक चिकित्सालय में प्रभारी चिकित्साधिकारी बिना पूर्व अनुमति के अवकाश पर मिले। इस लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित चिकित्साधिकारी से स्पष्टीकरण मांगने और उनका वेतन रोकने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने होम्योपैथिक चिकित्सालय और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पैठाणी का निरीक्षण कर चिकित्सकों की उपलब्धता, दवाओं के रखरखाव, साफ-सफाई और मरीजों को दी जा रही सुविधाओं का जायजा लिया।

होम्योपैथिक चिकित्सालय के निरीक्षण के दौरान प्रभारी चिकित्साधिकारी की अनुपस्थिति सामने आने पर जिलाधिकारी ने उपस्थिति पंजिका की जांच की। उन्होंने बिना अनुमति अवकाश लेने पर नाराजगी जताई और जिला होम्योपैथिक अधिकारी को स्वास्थ्य केंद्रों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अस्पताल में उपलब्ध दवाओं, उनके स्टॉक और एक्सपायरी तिथि की जानकारी भी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि दवाओं का पूरा विवरण स्टॉक रजिस्टर में व्यवस्थित रूप से दर्ज किया जाए, ताकि उनकी उपलब्धता और उपयोग की सही जानकारी मिल सके।

इसके बाद जिलाधिकारी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पैठाणी का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने ओपीडी, जनरल वार्ड, महिला वार्ड, पैथोलॉजी लैब और लेबर रूम में उपलब्ध सुविधाओं की जांच की।

उन्होंने अस्पताल प्रशासन को स्वास्थ्य परीक्षणों की दर सूची प्रमुख स्थान पर चस्पा करने और मरीजों के बिस्तरों की चादरें नियमित रूप से बदलने के निर्देश दिए। इसके साथ ही अस्पताल परिसर में साफ-सफाई और मरीजों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने को कहा।

दवाओं के रखरखाव और स्टॉक प्रबंधन को लेकर जिलाधिकारी ने कहा कि उपलब्ध दवाओं की नियमित जांच होनी चाहिए। स्टॉक रजिस्टर में दवाओं की एंट्री और उनकी एक्सपायरी तिथि की निगरानी सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने चेतावनी दी कि दवाओं के प्रबंधन में लापरवाही मिलने पर संबंधित मेडिकल ऑफिसर और प्रभारी चिकित्साधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी।

जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि अस्पतालों में चिकित्सकों के अवकाश का निर्धारण रोस्टर के अनुसार किया जाए, ताकि किसी भी परिस्थिति में मरीजों को उपचार के लिए परेशानी का सामना न करना पड़े।

निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य केंद्र में प्रसव की कम संख्या पर भी जिलाधिकारी ने चिंता जताई। उन्होंने निर्देश दिए कि संभावित प्रसव तिथि वाली गर्भवती महिलाओं की सूची संबंधित चिकित्साधिकारी के पास अनिवार्य रूप से उपलब्ध रहे।

इसके अलावा जिलाधिकारी ने 108 आपातकालीन एंबुलेंस का भी निरीक्षण किया। इस दौरान एंबुलेंस में आवश्यक उपकरणों और दवाओं की उचित व्यवस्था नहीं मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई।

जिलाधिकारी ने संबंधित एंबुलेंस संचालक को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही मुख्य चिकित्सा अधिकारी को जिले की सभी एंबुलेंसों की तीन दिन के भीतर जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा।

निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मेघना असवाल, ग्रामीण निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता लक्ष्मी प्रसाद भट्ट, नायब तहसीलदार सुदामा सिंह रावत सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सकों की उपलब्धता, दवाओं के रखरखाव और मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं में सुधार और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

Next Story