म्यूचुअल फंड उद्योग में करियर की संभावनाओं से रूबरू हुए विद्यार्थी

हरिद्वार: म्यूचुअल फंड योजनाएं कैसे काम करती हैं, न्यू फंड ऑफर का क्या महत्व है और इस उद्योग में करियर के लिए किन कौशलों की जरूरत होती है—इन विषयों पर गुरुकुल कांगड़ी समविश्वविद्यालय में अतिथि व्याख्यान आयोजित किया गया। प्रबंध अध्ययन संकाय की इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को वित्तीय उद्योग की व्यावहारिक जानकारी देना था।
मुख्य वक्ता एनजे वेल्थ, गुरुग्राम के शाखा प्रबंधक हिमांशु शर्मा ने भारतीय म्यूचुअल फंड बाजार में न्यू फंड ऑफर यानी एनएफओ की कार्यप्रणाली, उपयोगिता और निवेश की संभावनाओं पर चर्चा की। उन्होंने एनएफओ और प्रारंभिक सार्वजनिक निर्गम यानी आईपीओ के बीच अंतर भी समझाया।
व्याख्यान में नेट एसेट वैल्यू की गणना, वास्तविक म्यूचुअल फंड योजनाओं के उदाहरण और एनएफओ की बैक-टेस्टिंग जैसे विषय शामिल रहे। शर्मा ने बताया कि संस्थागत निवेशक और फंड मैनेजर विभिन्न मानदंडों तथा निर्धारित रूपरेखाओं के आधार पर योजनाओं के प्रदर्शन का मूल्यांकन करते हैं।
उन्होंने वेल्थ मैनेजमेंट में रोजगार की संभावनाओं और इस क्षेत्र में सफल करियर के लिए आवश्यक कौशलों की जानकारी भी दी।
कन्या गुरुकुल परिसर में भी व्याख्यान आयोजित किया गया, जिसमें करीब 50 छात्राओं ने भाग लिया। यह कार्यक्रम परिसर प्रभारी प्रो. बिंदु अरोड़ा के मार्गदर्शन में हुआ। प्रबंध अध्ययन संकाय की विभागाध्यक्ष एवं संकायाध्यक्ष प्रो. वीके सिंह ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को वित्तीय जगत में हो रहे बदलावों और गतिविधियों से परिचित कराते हैं।
कार्यक्रम में आईक्यूएसी निदेशक प्रो. पंकज मदान उपस्थित रहे। मंच संचालन डॉ. कपिल पांडेय ने किया। इस अवसर पर डॉ. इंदु गौतम, डॉ. नेहा कौशिक, रत्नेश शुक्ला, विकास अग्रवाल, मयंक चौहान, हरीश रावत, अभिषेक गुप्ता और अभिजीत सिंह सहित शिक्षकेतर कर्मचारी विकास सक्सेना, नारायण सिंह नेगी एवं नागेंद्र सिंह राणा मौजूद रहे।





