बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत सड़कों पर उतरे विद्यार्थी और कर्मचारी

पौड़ी गढ़वाल: बाल विवाह और जबरन विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन के लिए शुक्रवार को बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता रैली निकाली गई। विकास भवन परिसर से शुरू हुई रैली के माध्यम से लोगों को बाल विवाह के दुष्परिणामों की जानकारी दी गई।
जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में जिला विकास अधिकारी रमेश चंद और जिला कार्यक्रम अधिकारी महबूब खान ने प्रतिभागियों को बाल विवाह उन्मूलन की शपथ दिलाई। इसके बाद जिला विकास अधिकारी ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रैली में मिशन शक्ति, वन स्टॉप सेंटर, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, विभिन्न विभागों के कर्मचारियों और शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पराज इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज के विद्यार्थियों ने भी जागरूकता का संदेश दिया।
प्रतिभागियों ने बच्चों के सुरक्षित और बेहतर भविष्य के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग से बाल विवाह रोकने में सहयोग करने की अपील की। इस अवसर पर बाल विकास विभाग के कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।





