तेज आंधी ने मचाया कोहराम, पेड़ के नीचे दबने से बुजुर्ग की मौत

चमोली: मौसम में आया बदलाव कई लोगों के लिए राहत लेकर आया, तो कई क्षेत्रों के लिए मुसीबत का सबब भी बन गया। तेज अंधड़ दुश्वारियां बढ़ा रहा है। कई जगह से हादसों की खबर भी आई है। ताजा मामला चमोली के कर्णप्रयाग का है। जहां लंगासू प्राथमिक विद्यालय के पास तेज आंधी से पुराना आम का पेड़ जड़ से उखड़ कर प्रतीक्षालय पर गिर गया। पेड़ के नीचे दबने से एक बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक घायल है। घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना मंगलवार की है। तेज आंधी की वजह से प्राथमिक विद्यालय के पास एक पेड़ गिर गया। सूचना पर पुलिस प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और किसी तरह विशालकाय पेड़ के नीचे दबे युवक को वहां से निकाला। हादसे में जान गंवाने वाले बुजुर्ग की पहचान गिरीश चंद्र डिमरी पुत्र जयंती प्रसाद डिमरी के रूप में हुई।





