
नई टिहरी: एक वरिष्ठ अधिवक्ता से अभद्रता करने वाले उप निबंधक पर डीएम ने एक्शन लिशा है। उनका कार्य अन्य कर्मचारी को सौंपने के बाद चार दिनों से चला आ रहा वकीलों का कार्य बहिष्कार समाप्त हो गया। त्वरित कार्रवाई करने पर जिला बार एसोसिएशन ने डीएम नितिका खंडेलवाल का आभार जताया है।
बीते शुक्रवार को उप निबंधक प्रतीक पुंडीर ने वरिष्ठ अधिवक्ता के साथ कथित अभद्रता की थी। मामले में बार एसोसिएशन ने डीएम से कार्रवाई करने को लेकर पत्र भेजा। उन्होंने उक्त कार्यालय में सभी न्यायिक कार्यों का बहिष्कार कर आरोपित अधिकारी को तत्काल हटाने की मांग की। जिससे वहां कामकाज ठप हो गया और लोग परेशान होने लगे। बार के अध्यक्ष जयवीर सिंह रावत ने बताया कि डीएम ने बीती शाम को को शिष्टमंडल से वार्ता की। डीएम ने उप निबंधक की शक्तियों को लिपिक मीनू को सौंप दिया।
साथ ही इस प्रकरण पर जांच भी शुरू करा दी। जांच के दौरान आरोपी अधिकारी सब रजिस्ट्रार का कार्य नहीं करेगा। इस मौके पर बार के पूर्व अध्यक्ष महावीर प्रसाद उनियाल, शांति प्रसाद भट्ट, प्रेम सिंह बिष्ट, पूर्व डीजीसी वीरेंद्र सिंह रावत, सचिव चंद्रभान सिंह राणा मौजूद रहे।





