उत्तराखंड

उत्तराखंड में खेलों को बढ़ावा, 32 की जगह अब 50 खेलों में होगी प्रतियोगिता

Admindelhi1
26 Nov 2026 7:15 AM IST
उत्तराखंड में खेलों को बढ़ावा, 32 की जगह अब 50 खेलों में होगी प्रतियोगिता
x
खिलाड़ियों की पुरस्कार राशि बढ़ी, ओवरऑल विजेता जिले को मिलेंगे 10 लाख रुपये

देहरादून: उत्तराखंड में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कई अहम प्रस्तावों को मंजूरी दी है। मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी के तहत खेल प्रतियोगिताओं की संख्या 32 से बढ़ाकर 50 करने और प्रत्येक ग्राम पंचायत में मुख्यमंत्री खेल क्लब गठित करने का निर्णय लिया गया है।

प्रतियोगिताओं की पुरस्कार राशि में भी बढ़ोतरी की गई है। राज्य स्तर पर प्रथम पुरस्कार 1,500 से बढ़ाकर 2,000 रुपये कर दिया गया है। वहीं, ओवरऑल विजेता जिले को मिलने वाली मुख्यमंत्री कप की राशि 5 लाख से बढ़ाकर 10 लाख रुपये की गई है। प्रतियोगिताओं में उत्तराखंड के पारंपरिक खेल भी शामिल होंगे।

इसके अलावा पीआरडी जवानों को होमगार्ड के समान मानदेय देने के लिए समिति गठित करने और सफाई कर्मियों का मानदेय बढ़ाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है। देहरादून के आमवाला में मिनी स्टेडियम और अग्निवीर प्रशिक्षण केंद्र बनाने के लिए भूमि हस्तांतरण को भी स्वीकृति मिली है। वहीं, चंपावत के ढकना बडोला में मेला स्थल के सौंदर्यीकरण के लिए 1.09 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।

Next Story