उत्तराखंड

बाघों की दहाड़ के बीच गुजार सकेंगे रात, कॉर्बेट पार्क में पर्यटन सत्र शुरू

nidhi
15 Nov 2026 9:08 AM IST
बाघों की दहाड़ के बीच गुजार सकेंगे रात, कॉर्बेट पार्क में पर्यटन सत्र शुरू
x
जंगल सफारी के साथ नाइट स्टे का मजा
रामनगर: उत्तराखंड के प्रसिद्ध जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क का ढिकाला पर्यटन जोन एक बार फिर पर्यटकों से गुलजार हो गया है। नए पर्यटन सत्र की शुरुआत के साथ सैलानियों को जंगल की खूबसूरती और वन्यजीवों के दीदार का अवसर मिलेगा। ढिकाला जोन खुलने के बाद पर्यटक जंगल सफारी के साथ वन विश्राम गृहों में रात्रि विश्राम का आनंद भी ले सकेंगे।
प्राकृतिक सुंदरता और बाघों के दीदार के लिए प्रसिद्ध ढिकाला जोन कॉर्बेट नेशनल पार्क के सबसे लोकप्रिय पर्यटन क्षेत्रों में शामिल है। देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक यहां पहुंचते हैं। जंगल के बीच रात बिताने का अनुभव इस पर्यटन जोन को खास बनाता है।
पांच महीने बाद शुरू हुआ पर्यटन सत्र
मानसून के कारण पांच महीने से बंद ढिकाला और दुर्गादेवी पर्यटन जोन को रविवार, 15 नवंबर 2026 से पर्यटकों के लिए खोल दिया गया है। इसके साथ ही ढिकाला, बिजरानी, ढेला और झिरना पर्यटन जोन के वन विश्राम गृहों में रात्रि विश्राम की सुविधा भी बहाल हो गई है।
रामनगर विधायक दीवान सिंह बिष्ट और कॉर्बेट पार्क के निदेशक साकेत बडोला ने पूजा-अर्चना के बाद सुबह साढ़े छह बजे फीता काटकर पर्यटन सत्र का शुभारंभ किया। हरी झंडी दिखाकर पर्यटकों को ढिकाला के लिए रवाना किया गया। पहली पाली में तीन कैंटरों से करीब 64 पर्यटक जंगल सफारी के लिए पहुंचे।
कैंटर और जिप्सी सफारी का मिलेगा आनंद
ढिकाला पर्यटन जोन में सैलानी दिन के समय कैंटर सफारी का आनंद ले सकेंगे। वहीं, दुर्गादेवी पर्यटन जोन में जिप्सी सफारी की सुविधा उपलब्ध रहेगी। पर्यटन सत्र शुरू होने से पहले पार्क के सफारी मार्गों को दुरुस्त किया गया है। ढिकाला में घने साल के जंगल, विशाल घास के मैदान और रामगंगा नदी का खूबसूरत नजारा पर्यटकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र है। यहां बाघ, हाथी, हिरण और विभिन्न प्रजातियों के पक्षियों को देखने का अवसर मिलता है।
नाइट स्टे के लिए 41 कमरे उपलब्ध
ढिकाला पर्यटन जोन में रात्रि विश्राम के लिए पर्यटकों को कुल 41 कमरों और 20 डॉर्मेट्री बेड की सुविधा मिलेगी।
वन विश्राम गृह कमरों की संख्या
ढिकाला कैंप 28
सुल्तान 2
गैरल 6
खिनानौली 3
सर्पदुली 2
कुल 41
नए पर्यटन सत्र के लिए पर्यटकों में खासा उत्साह है। नाइट स्टे की कई तारीखों के लिए पहले ही बुकिंग पूरी हो चुकी है।
ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा
कॉर्बेट पार्क में जंगल सफारी और रात्रि विश्राम के लिए पर्यटक ऑनलाइन बुकिंग करा सकते हैं। भारतीय पर्यटकों के लिए सामान्यतः 45 दिन पहले और विदेशी पर्यटकों के लिए 90 दिन पहले नाइट स्टे की बुकिंग उपलब्ध होती है। बुकिंग के दौरान सही पहचान पत्र अपलोड करना अनिवार्य है। पार्क में प्रवेश के समय पहचान पत्र की जांच की जाएगी। बुकिंग में दर्ज जानकारी और पहचान पत्र का मिलान नहीं होने पर प्रवेश रोका जा सकता है।
पिछले सत्र में पहुंचे ढाई लाख से अधिक पर्यटक
कॉर्बेट नेशनल पार्क में पिछले पर्यटन सत्र के दौरान बड़ी संख्या में देशी और विदेशी पर्यटक पहुंचे थे। 15 नवंबर 2025 से 15 जून 2026 तक कुल 2,50,597 पर्यटकों ने पार्क का भ्रमण किया। इनमें 2,40,646 भारतीय और 9,951 विदेशी पर्यटक शामिल थे। पिछले पर्यटन सत्र में पार्क को 24.62 करोड़ रुपये से अधिक का राजस्व प्राप्त हुआ था। रात्रि विश्राम के लिए ढिकाला जोन पर्यटकों की पहली पसंद रहा।
जून तक खुला रहेगा ढिकाला जोन
ढिकाला पर्यटन जोन सामान्यतः 15 नवंबर से 15 जून तक पर्यटकों के लिए खुला रहता है। मानसून के दौरान जंगल के रास्तों और नदियों में जलस्तर बढ़ने के कारण पर्यटन गतिविधियां बंद कर दी जाती हैं। अब नए पर्यटन सत्र की शुरुआत के साथ वन्यजीव प्रेमियों को एक बार फिर कॉर्बेट के प्राकृतिक सौंदर्य और जंगल सफारी का आनंद लेने का मौका मिलेगा।
Next Story