उत्तराखंड

देवभूमि में जल्द होंगे तीन हजार से अधिक पदों पर भर्तियां

Admin Delhi 1
7 Sep 2022 9:45 AM GMT
देवभूमि में जल्द होंगे तीन हजार से अधिक पदों पर भर्तियां
x

देवभूमि उत्तराखंड न्यूज़: बेरोजगारों के लिए जल्द ही धामी सरकार एक बड़ा कदम उठाने जा रही है। इसके तहत सरकार लोक सेवा आयोग को समूह ग की भर्ती की जिम्मेदारी देने की तैयारी कर रही है। लोक सेवा आयोग अभी तक समूह 'क' और 'ख' के पदों पर भर्ती करता है। लेकिन मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने कार्मिक विभाग को यह प्रस्ताव बनाने के निर्देश दिए हैं। यूकेएसएसएससी परीक्षाओं के घपले की जांच पूरा होने से पहले धामी सरकार बेरोजगारों के लिए एक नई शुरुआत करने जा रही है। कार्मिक विभाग को निर्देश देने के बाद विधिक राय लेने के बाद संबंधित प्रस्ताव बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। नौ सितंबर को अपराह्न मुख्यमंत्री धामी की अध्यक्षता में सचिवालय में कैबिनेट बैठक में इस प्रस्ताव को लागू किया जा सकता है। सरकार आठ से दस हजार रिक्त पदों पर इस आयोग से भर्ती करा सकती है।

यूकेएसएसएससी में विभिन्न विभागों के भर्ती के प्रस्ताव लंबित हैं। इनमें पुलिस कांस्टेबल, दारोगा, फॉरेस्ट गार्ड और राजस्व उपनिरीक्षक भर्ती शामिल हैं। ये लगभग तीन हजार पद हैं। इसके साथ ही विभिन्न विभागों के स्नातक स्तर और लेखाकार के पदों की भर्ती का प्रस्ताव भी आयोग को पहुंच चुके हैं। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग में भी विभिन्न विभागों की भर्ती परीक्षाएं लंबित हैं। नवंबर तक आयोग ने इनकी परीक्षाएं कराने का लक्ष्य रखा है। इनमें लोअर पीसीएस के 191, महाधिवक्ता कार्यालय में समीक्षा अधिकारी और सहायक समीक्षा अधिकारी के 17, वन विभाग में वन क्षेत्राधिकारी के 46, पीसीएस मेंस के 314 और महाधिवक्ता कार्यालय में अनुवादक के 2 पदों पर भर्ती प्रक्रिया होनी है। इसके साथ ही डिग्री कॉलेजों में शिक्षकों की भर्ती पर हाईकोर्ट से लगी रोक भी बहाल हो चुकी है। इनकी भर्ती प्रक्रिया भी जल्द शुरू होनी है।

राज्य सरकार बेरोजगार युवाओं के रोजगार को लेकर गंभीर है। यूकेएसएसएससी में फिलहाल जो भर्तियां लंबित हैं, उनकी लिखित परीक्षाएं कराने के लिए समाधान निकाला जा रहा है। लोक सेवा आयोग को नई भर्तियों की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है।

– पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री

Next Story