उत्तराखंड

चोरी करने के मामले में छह गिरफ्तार

Admin Delhi 1
24 April 2023 6:38 PM IST
चोरी करने के मामले में छह गिरफ्तार
x

नैनीताल न्यूज़: औद्योगिक क्षेत्र सेलाकुई की बस-कार की सीट कवर बनाने वाली कंपनी में लाखों रुपये के सामान चोरी करने के मामले का पुलिस ने चौबीस घंटे के अंदर खुलासा कर दिया. पुलिस ने चोरी के सामान के साथ छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इनमें पांच आरोपी कंपनी के ही श्रमिक निकले जबकि छठा आरोपी चोरी का सामान खरीदने वाला शामिल है. गिरफ्तार आरोपियों को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया. जहां से न्यायिक अभिरक्षा में सभी आरोपियों को जेल भेज दिया गया.

पुलिस के मुताबिक रात चोरों ने सेलाकुई की ऑटो स्टाइल्स कंपनी में चोरी की वारदात को अंजाम दिया. चोर कंपनी की यूनिट संख्या दो के अंदर रखे 10 पीयू रोल, अलग-अलग रंगों की रैगजिन चुरा ले गए. इस मामले में कंपनी के महाप्रबंधक राघव प्रताप सिंह पुत्र घनश्याम सिंह निवासी डी-81 नेहरू कॉलोनी देहरादून ने चोरी का मुकदमा दर्ज कराया.

थानाध्यक्ष मोहन सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने कंपनी के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच की. फुटेज में पांच संदिग्ध चोरी करते दिखे. इस आधार पर पर पुलिस ने कंपनी में काम करने वाले पांच श्रमिकों की शिनाख्त की. इसके बाद पुलिस ने कंपनी के पांच श्रमिकों सलमान, शादाब शाह निवासी मडिया नयी बस्ती बुखारा रोड कस्बा व थाना फरीदपुर जिला बरेली यूपी, मो.जुनैद जिला बरेली, ईश्वर निवासी मोहल्ला चौथाई कस्बा व थाना हलदौर जिला बिजनौर, निहाल पुत्र सुभाष निवासी एटलस स्कूल वाली गली रामपुर सहसपुर को गिरफ्तार कर लिया. आरोपियों ने बताया कि चोरी का सामान उन्होंने सिकन्दर निवासी रामपुरकला सहसपुर को बेचा है. पुलिस ने सिकंदर को भी गिरफ्तार कर लिया.

Next Story