महिला सुरक्षा के लिए हरिद्वार में साइलेंट वॉकथॉन, 210 लोग शामिल

हरिद्वार: महिलाओं के खिलाफ हिंसा रोकने और समाज में सुरक्षा, सम्मान एवं समानता का संदेश देने के उद्देश्य से रविवार को हरिद्वार में साइलेंट वॉकथॉन का आयोजन किया गया। जागृति विमेन्स कॉन्फ्रेंस हरिद्वार सोसायटी की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में 210 लोगों ने भाग लिया।
अखिल भारतीय महिला सम्मेलन के शताब्दी वर्ष समारोह के अंतर्गत आयोजित वॉकथॉन में केयर कॉलेज, डिवाइन कॉलेज ऑफ पैरामेडिकल साइंसेज के विद्यार्थियों, संस्था के सदस्यों और गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ श्री भगवान दास आदर्श संस्कृत महाविद्यालय, शंकर आश्रम चौक से हुआ। मुख्य अतिथि एसपी जीआरपी अरुणा भारती ने कहा कि महिलाओं और लड़कियों को मानसिक, वैचारिक और शारीरिक रूप से मजबूत बनना चाहिए।
उन्होंने महिलाओं से पुलिस हेल्पलाइन और सुरक्षा से जुड़े मोबाइल ऐप की जानकारी रखने तथा आत्मसुरक्षा और आत्मविकास पर ध्यान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संकल्प होना चाहिए कि न किसी को प्रताड़ित करेंगे और न स्वयं अत्याचार सहन करेंगे।
संस्था की संरक्षिका मंजुला भगत ने अखिल भारतीय महिला सम्मेलन की विरासत पर प्रकाश डाला। उच्च न्यायालय के अधिवक्ता ललित मिगलानी ने महिलाओं के खिलाफ हिंसा के साथ पुरुषों की प्रताड़ना के मामलों पर भी संवेदनशीलता से विचार करने की बात कही।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. आशिमा श्रवण ने किया, जबकि सचिव डॉ. करुणा शर्मा ने आभार व्यक्त किया।
इसके बाद हरी झंडी दिखाकर वॉकथॉन रवाना की गई। प्रतिभागियों ने शांतिपूर्ण तरीके से महिला सुरक्षा, आत्मसम्मान और हिंसामुक्त समाज का संदेश दिया।





