उत्तराखंड

धनतेरस पर खरीदारों ने तोड़े रिकॉर्ड, जमकर हुई खरीदारी

Admindelhi1
7 Nov 2026 2:49 PM IST
धनतेरस पर खरीदारों ने तोड़े रिकॉर्ड, जमकर हुई खरीदारी
x
धनतेरस पर खरीदारी का जबरदस्त उत्साह, बाजारों में रिकॉर्ड कारोबार

नई टिहरी: धनतेरस के पर्व पर बाजारों में खरीदारी करने के लिए ग्राहकाें की खूब भीड़ उमड़ी। जिला मुख्यालय के बौराड़ी बाजार में शाम तीन बजे के बाद भीड़ उमड़नी शुरू हुई। लंबगांव में तो ग्राहकों की भीड़ ने बीते एक दशक का रिकॉर्ड तोड़ दिया। लंबगांव, थत्यूड़, चंबा, घनसाली, चमियाला, नरेंद्रनगर और जाखणीधार बाजार में ग्राहकों की भीड़ से गुलजार रहे। अधिकतर लोगों ने लक्ष्मी के रूप में झाडू खरीदा। धनतेरस पर बौराड़ी में 50 से अधिक कार बिकी।

धनतेरस के त्योहार पर बौराड़ी बाजार में शाम चार बजे के बाद भीड़ उमड़नी शुरू हुई। पटाखा दुकान, लड़ी-झालर, दीपक, बर्तन, फूल और मिठाई की दुकानों पर खूब भीड़ दिखी। जिससे ओपन बाजार में ट्रेफिक बंद करना पड़ा। वहां बाजार में हर दुकान पर ग्राहकों की भीड़ उमड़ी रही। जिससे व्यापारी भी दिनभर व्यस्त रहे। लंबगांव बाजार में तो रिकॉर्ड तोड़ भीड़ उमड़ी। स्थानीय व्यापारियों ने बताया कि पिछले 10 सालों में इतनी भीड़ नहीं देखी गई।

दिनभर भीड़ रहने से बाजार से वाहन निकालना खासा मुश्किल हो गया। हर समय जाम की स्थिति रहने से पुलिस को वाहन पास कराने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। लंबगांव बाजार में रिकॉर्ड तोड़ भीड़ उमड़ने से हर व्यापारी खुश नजर आया। घनसाली और चमियाला बाजार में भी दिनभर ग्राहक खरीदारी में जुटे रहे। वहां शाम ढलते ही लोग बाजार से अपने घर को निकल गए। चंबा बाजार में भी ग्राहक देर शाम तक खरीदारी करते रहे। नरेंद्रनगर बाजार भी दिनभर व्यस्त रहा।

लोगों ने जमकर खरीदारी की। जौनपुर ब्लॉक मुख्यालय के थत्यूड़ बाजार में भी दिनभर दुकानें ग्राहकों से खचाखच भरी रही। लोगों ने बर्तन, स्वर्ण आभूषण, कपड़े, मिठाई और सजावटी सामान की जमकर खरीदारी की।

Next Story