
देहरादून: गुजरात के कच्छ में हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने उत्तराखंड को गहरे शोक में डाल दिया है। दुर्घटना में गढ़वाल राइफल्स के दो जवानों और उनके परिजनों समेत उत्तराखंड के सात लोगों की मौत हो गई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना जताई है।
मुख्यमंत्री धामी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा कर दुर्घटना को हृदयविदारक बताया। उन्होंने कहा कि गढ़वाल राइफल्स के जवानों और उनके परिजनों की मौत की सूचना बेहद पीड़ादायक है। इस दुर्घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हादसे से उत्पन्न दुख को शब्दों में व्यक्त करना कठिन है। संकट की इस घड़ी में पूरा उत्तराखंड प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा है। उन्होंने दिवंगतों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की।
गौरतलब है कि गुजरात के कच्छ में शनिवार देर रात सड़क दुर्घटना हुई थी। इस हादसे में उत्तराखंड के सात लोगों ने अपनी जान गंवा दी। मृतकों में गढ़वाल राइफल्स के दो जवान भी शामिल हैं। दुर्घटना की खबर से प्रदेश में शोक का माहौल है।





