उत्तराखंड

नैनी झील की सुरक्षा दीवार 76 लाख रुपये से बनेगी

Admin Delhi 1
19 Jan 2023 3:02 PM GMT
नैनी झील की सुरक्षा दीवार 76 लाख रुपये से बनेगी
x

नैनीताल: सरोवर नगरी में लोकप्रिय ऐतिहासिक बैंड स्टैंड के पास नैनी झील की सुरक्षा दीवार गिरे लम्बा समय हो गया है। अब इसकी रोकथाम के लिए शासन से 76 लाख की धनराशि स्वीकृत हो गई है। रोकथाम के लिए फरवरी माह से कार्य शुरू कर दिया जाएगा। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया भी पूरी हो गई है। इसके अलावा नैनीताल क्षेत्र के विभिन्न नालों के निर्माण के लिए 7 करोड़ की धनराशि प्राप्त हुई है, जिन पर कार्य प्रगति पर है।

मालूम हो कि पिछले वर्ष तीन सितंबर को बैंड स्टैंड की करीब 10 मीटर की सुरक्षा दीवार झील में समा गई। गनीमत रही कि इस दौरान कोई पर्यटक या स्थानीय लोग इसकी चपेट में नहीं आए। मालूम हो कि इससे पहले भी बैंड स्टैंड के पास भूधंसाव होने के कारण बीते वर्ष 28 जून को भी नगर पालिका ने तीन ओर से बेरिकेडिंग कर यहां लोगों की आवाजाही रोक दी थी।

बैंड स्टैंड के पास नैनी झील की सुरक्षा दीवार पर खतरा बढ़ता जा रहा है। नगर पालिका और सिंचाई विभाग ने मौका मुआयना कर भूस्खलन का जायजा लिया। साथ ही क्षेत्र में लोगों का प्रवेश पूरी तरह से प्रतिबंधित रखने के निर्देश कर्मियों को दिए। इसकी रोकथाम के लिए प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा गया था जिसके लिए क्षेत्र लाकर धनराशि स्वीकृत हो गई है।

खतरे में है झील की सुरक्षा दीवार: करीब तीन वर्षों से यहां करीब 60 मीटर के हिस्से पर दरार बनी हुई थी। धंसे हिस्से के आसपास दरारे बढ़ने से भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। सिंचाई विभाग यहां लंबे समय से तत्कालिक रोकथाम की योजना बना रहा है। सुरक्षा दीवार और रेलिंग भी झील की ओर झुक गई। साथ ही भूधंसाव भी बढ़ रहा है।

अधिशासी अभियन्ता सिंचाई केएस बिष्ट ने बताया कि बैण्ड स्टैंड के जीर्णोद्वार के लिए 76 लाख की धनराशि प्राप्त हुई है। साथ ही टेंडर प्रक्रिया पूर्ण कर ली गई है। फरवरी से ट्रीटमेंट का कार्य शुरू किया जाएगा।

Next Story