उत्तराखंड

व्यर्थ नहीं जाने दिया जाएगा शहीदों का बलिदान: मुख्यमंत्री धामी

Admin Delhi 1
25 Aug 2022 2:29 PM GMT
व्यर्थ नहीं जाने दिया जाएगा शहीदों का बलिदान: मुख्यमंत्री धामी
x

बागेश्वर न्यूज़: आजादी की लड़ाई में देश के जिन वीर सेनानियों ने अपने जान की कुर्बानी दे दी। उनके सपनों को पूरा करना आज हमारा दायित्व है। देश के प्रत्येक नागरिक को शहीदों के सपनों को पूरा करने के लिए ईमानदारी से कार्य करना चाहिए। यही उन्हें हमारी सच्ची श्रद्धाजंलि होगी। देश के शहीदों के बलिदान को किसी भी कीमत पर व्यर्थ नहीं जाने दिया जाएगा। गुरुवार को सालम शहीद दिवस के अवसर पर जैंती स्थित शहीद स्थल धामद्यौ में जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सालम क्रांति के नायक नर सिंह टीका सिंह के बलिदान को याद करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि वह इस पवित्र स्थल में आकर गौरव महसूस कर रहे हैं। उन्होंने मंच से क्रांतिवीरों राम सिंह धौनी, दुर्गा दत्त शास्त्री, राम सिंह आजाद, मर्च राम, भवान सिंह धानक के अदम्य साहस व बलिदान को नमन किया।

उन्होंने कहा कि शहीद स्थल के सौंदर्यीकरण के लिए 50 लाख रुपए स्वीकृत किए जा चुके हैं। इसके लिए धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए मानसखंड मंदिर माला परियोजना से क्षेत्र के सभी छोटे-बड़े मंदिरों को जोड़ा जा रहा है। जिस पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जल्द ही प्रदेश में समान नागरिक संहिता लागू कर दी जाएगी। इस दौरान उन्हें मांग पत्र भी सौंपा गया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी शहीद स्थलों पर एक फिल्म तैयार की जा रही है। इसके माध्यम से बलिदानियों के साहस व वीरता को युवा पीढ़ी तक पहुंचाया जाएगा। सीएम धामी ने कहा कि देश ने पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के वीर सपूतों को याद करते हुए आजादी का अमृत महोत्सव मनाया गया। जिसके तहत आजादी के अनगिनत अमर शहीदों को याद किया गया। उन्होंने हर घर झंडा अभियान में भागीदारी के लिए जनता का आभार व्यक्त किया। सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में विश्व में अपना परचम लहरा रहा है। उन्होंने कहा कि भारत की परिस्थितियां पहले की अपेक्षा काफी बदल गई हैं। देश की सेना अब दुश्मनों की गोली का जवाब गोलों से देती है। इसके लिए सेना को निर्णय लेने की छूट दी गई है।

उन्होंने कहा कि मानस कोरिडोर के तहत कुमाऊं के सभी प्रमुख मंदिरों का कायाकल्प और सौंदर्यीकरण किया जाएगा। धामी ने कहा कि समान नागरिक संहिता की दिशा में प्रदेश आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि इसकेलिए गठित समिति की कई अहम बैठकें भी कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार प्रदेश के विकास को समर्पित है। कार्यक्रम में पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत व पूर्व स्पीकर गोविंद सिंह कुंजवाल ने भी अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने देश की आजादी के स्वतंत्रता संग्राम में वीर शहीदों को याद करते हुए कहा कि सालम की धरती वीरों की धरती है। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने भी शहीदों को श्रद्धा सुमन अर्पित किए। उन्होंने कहा कि देश शहीदों के बलिदान को कभी नहीं भूल पाएगा। क्षेत्रीय विधायक मोहन सिंह मेहरा ने कहा कि दलगत राजनीति से ऊपर उठकर सभी को शहीदों के सम्मान में भागीदारी करनी चाहिए। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद प्रदीप टम्टा, विधायक मनोज तिवारी, विधायक भीमताल राम सिंह कैड़ा, पूर्व विधायक कपकोट ललित फर्सवाण, बीजेपी जिलाध्यक्ष रवि रौतेला, डीसीबी चेयरमैन ललित लटवाल, किरन पंत, दिनेश कुंजवाल, प्रकाश भट्ट, मदन सिंह बिष्ट, सुरेश भट्ट, आनंद सिंह बोरा, सुरेंद्र मेहरा, राजेश बहुगुणा, सालम स्मारक समिति के अध्यक्ष किशन सिंह कन्याल, डीएम वंदना सिंह, एसएसपी प्रदीप कुमार रॉय समेत अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Next Story