उत्तराखंड

Rudrapur: सीसीटीवी फुटेज डिलीट किए जाने के मामले में जांच शुरू

Admindelhi1
24 Feb 2025 5:15 PM IST
Rudrapur: सीसीटीवी फुटेज डिलीट किए जाने के मामले में जांच शुरू
x
अधिकारियों-कर्मचारियों से पूछताछ हुई

रुद्रपुर: बीईओ कार्यालय जसपुर से सीसीटीवी फुटेज डिलीट किए जाने के मामले में जांच शुरू हो गई है। बीईओ रुद्रपुर सावेद आलम के नेतृत्व में जांच टीम दो बार जसपुर कार्यालय का दौरा कर अधिकारियों-कर्मचारियों से पूछताछ कर चुकी है।

विभाग को बीईओ दफ्तर जसपुर में कार्यालयी समय में अनाधिकृत कार्य किए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद डीईओ हरेंद्र कुमार मिश्र ने बीईओ से एक सप्ताह की वीडियो और फुटेज तलब की थी। इसी बीच कार्यालय के कंप्यूटर कक्ष से 30 दिसंबर से आठ जनवरी तक के सभी सीसीटीवी फुटेज और डाटा डिलीट कर दिए गए।

विभाग ने कंप्यूटर कक्ष का ताला तोड़कर सीसीटीवी फुटेज से छेड़छाड़ किए जाने की कोतवाली में तहरीर दी थी। इसी बीच विधायक जसपुर भी बीईओ कार्यालय पहुंचे और पाया कि ताले पर कहीं कोई खरोंच तक नहीं आई थी।

उन्होंने डीईओ को फोन कर इस पूरे प्रकरण में कार्यालय के संलिप्त होने की जानकारी देते हुए जांच कराकर कार्रवाई करने के लिए कहा था। इसके बाद इस मामले की जांच बीईओ को दी गई लेकिन जसपुर कार्यालय से विभाग को कोई रिपोर्ट नहीं मिली।

इस पर डीईओ ने रुद्रपुर बीईओ के नेतृत्व में तीन सदस्यीय कमेटी गठित कर मामले की जांच सौंपी। जांच टीम दो बार जसपुर पहुंच मामले की छानबीन की। सूत्रों की मानें तो इस मामले में कई लोगों के फंसने की संभावना जताई जा रही है।

Next Story