Rudrapur: जिला अस्पताल रुद्रपुर में एक्स-रे सुविधाओं का विस्तार

रुद्रपुर: जिला अस्पताल में एक्सरे मशीन की खराबी दूर हो गई है। अब चिकित्सालय में सिर और रीढ़ की हड्डी के भी एक्सरे होने लगेंगे। अस्पताल की एक्सरे मशीन 20 मार्च से खराब थी। इस अवधि में पोर्टेबल एक्सरे मशीन से काम चलाया जा रहा था। मशीन खराब रहने के दौरान लोगों को रीढ़ और सिर के एक्सरे के लिए निजी अस्पतालों की शरण लेनी पड़ रही थी। पोर्टेबल मशीन से रीढ़ की हड्डी और सिर के एक्सरे नहीं हो पा रहे थे। अस्पताल के पीएमएस डॉ. आरके सिन्हा ने बताया कि मंगलवार को एक्सरे मशीन की खराबी दूर हो गई थी।
अब अस्पताल में सभी तरह के एक्सरे सुचारू हो गए हैं। एक्सरे मशीन ठीक होने से लोगों को राहत मिली है। वहीं जिला अस्पताल के रेडियोलॉजिस्ट के अवकाश में होने से किच्छा और बाजपुर सीएचसी के रेडियोलॉजिस्ट की सप्ताह में तीन-तीन दिन की ड्यूटी अस्पताल में लगाई गई है। किच्छा और बाजपुर अस्पताल में जरूरी अल्ट्रासाउंड निपटाने के बाद रेडियोलॉजिस्ट जिला अस्पताल आ रहे हैं।





