Rishikesh: हर माह मल्टीस्पेशियलिटी शिविर, ग्रामीणों को मिल रहा बेहतर उपचार

ऋषिकेश: उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ बनाने की दिशा में परमार्थ निकेतन के चिदानन्द सरस्वती के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य अभियान निरंतर संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत देश के प्रतिष्ठित अस्पताल मेदान्ता द मेडिसिटी के विशेषज्ञ चिकित्सक प्रतिमाह निःशुल्क मल्टीस्पेशियलिटी चिकित्सा शिविर आयोजित कर रहे हैं, जिनसे हजारों ग्रामीणों एवं दूरस्थ क्षेत्रों के निवासियों को विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल रहा है।
इन शिविरों में हृदय रोग विशेषज्ञ, श्वास रोग विशेषज्ञ तथा जनरल फिजिशियन द्वारा रोगियों का विस्तृत परीक्षण एवं परामर्श प्रदान किया जाता है। साथ ही निःशुल्क रक्त परीक्षण, पल्मोनरी फंक्शन टेस्ट (पीएफटी), बोन मिनरल डेंसिटी (बीएमडी) जांच तथा अन्य आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण भी किए जाते हैं। प्रत्येक शिविर में सैकड़ों रोगी विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श प्राप्त कर समय पर रोगों की पहचान एवं उपचार का लाभ उठा रहे हैं।
मेदान्ता द मेडिसिटी के चिकित्सकों ने कहा कि समय पर जांच और निवारक स्वास्थ्य सेवाएं अनेक गंभीर बीमारियों को प्रारम्भिक अवस्था में ही नियंत्रित कर सकती हैं। विशेष रूप से हृदय रोग, श्वास संबंधी रोग तथा हड्डियों की समस्याएं पर्वतीय क्षेत्रों में तेजी से बढ़ रही हैं, जिनके प्रति जनजागरूकता और नियमित स्वास्थ्य परीक्षण अत्यंत आवश्यक हैं।
चिकित्सकों ने कहा कि महानगरों की व्यस्त और तेज-रफ्तार जीवनशैली से निकलकर जब हम परमार्थ निकेतन आते हैं, तो ऐसा अनुभव होता है मानो स्वर्ग जैसी शांति और दिव्यता का साक्षात्कार हो रहा हो। मां गंगा का पावन तट, हिमालय की गोद, और सेवा का वातावरण मन, मस्तिष्क और आत्मा को गहराई से स्पर्श करता है।





