उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं को राहत, वन आरक्षी भर्ती की उम्र 28 साल

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई मंत्रिमंडल की बैठक में 23 महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर मुहर लगाई गई। इसमें आशा कार्यकत्रियों के मानदेय में 1,700 रुपये प्रतिमाह की बढ़ोतरी और वन आरक्षी भर्ती की अधिकतम आयु सीमा 25 से बढ़ाकर 28 वर्ष करने का फैसला शामिल है।
कैबिनेट ने हरिद्वार में 21.08 किलोमीटर लंबी 'हरिद्वार दर्शन' पॉड टैक्सी परियोजना को मंजूरी दी है। इसके तहत तीन कॉरिडोर और 21 स्टेशन विकसित किए जाएंगे। वहीं, सरकारी मेडिकल कॉलेजों से पीजी करने वाले डॉक्टरों को पढ़ाई पूरी होने के बाद पर्वतीय और दुर्गम क्षेत्रों में दो साल अनिवार्य सेवा देनी होगी।
इसके अलावा सामाजिक सुरक्षा संहिता नियमावली-2026 लागू करने, चार सहकारी एवं सार्वजनिक क्षेत्र की चीनी मिलों को 207.75 करोड़ रुपये की सरकारी गारंटी देने और आबकारी विभाग में 11 नए पद सृजित करने का निर्णय लिया गया।
ऋषिकेश के बापूग्राम की 594.90 एकड़ आरक्षित वन भूमि को डिनोटिफाई करने के प्रस्ताव पर भी सैद्धांतिक सहमति दी गई है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के मानदेय में वृद्धि पर निर्णय लेने के लिए मुख्यमंत्री को अधिकृत किया गया है।
कैबिनेट के प्रमुख फैसले
- आशा कार्यकर्ता: मानदेय में 1,700 रुपये मासिक वृद्धि।
- वन आरक्षी भर्ती: अधिकतम आयु सीमा 25 से बढ़ाकर 28 वर्ष।
- पॉड टैक्सी: हरिद्वार में 21.08 किमी का प्रोजेक्ट मंजूर।
- डॉक्टर: पीजी के बाद दो साल अनिवार्य सरकारी सेवा।
- चीनी मिलें: 207.75 करोड़ रुपये की सरकारी गारंटी।
- आबकारी विभाग: 11 नए पदों का सृजन।
- सामाजिक सुरक्षा: नई नियमावली-2026 को मंजूरी।





