
x
Uttarakhand उत्तराखंड : रामनगर में वन्य जीवों और वनों की सुरक्षा एवं संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के लिए बुधवार को कॉर्बेट टाइगर रिजर्व (सीटीआर) में वन्य प्राणी सप्ताह की शुरुआत हुई। सप्ताह भर चलने वाले इस आयोजन के शुभारंभ पर बच्चों ने टाइगर-भालू बनकर 'वन्यजीव बचाओ' का सशक्त संदेश दिया। कार्यक्रम की शुरुआत सीटीआर परिसर में हुई, जहां डॉ. धीरज पांडे ने वन्य प्राणी सप्ताह के महत्व और इसकी ऐतिहासिक पृष्ठभूमि के बारे में लोगों को बताया। इसके बाद विधायक दीवान सिंह बिष्ट और कॉर्बेट पार्क के निदेशक डॉ. साकेत बडोला ने हरी झंडी दिखाकर साइकिल रैली को रवाना किया। लगभग 10 किलोमीटर की दूरी तक निकली इस रैली में बड़ी संख्या में बच्चों और स्थानीय लोगों ने भाग लिया।
इस अवसर पर स्कूली बच्चों ने टाइगर, गुलदार, भालू, हिरण, पेड़ आदि के रूप में प्रभात फेरी निकाली और वन्यजीव बचाओ, पर्यावरण बचाओ का सशक्त संदेश दिया। बच्चों की यह अनोखी प्रस्तुति लोगों को गहराई से छू गई और वन्यजीवों के प्रति प्रेम तथा संरक्षण की प्रेरणा दी। रैली के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने एक संकल्प बैनर पर हस्ताक्षर कर वन्य जीवों की सुरक्षा और संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई। आयोजन समिति के अनुसार, रैली के विजेता बच्चों को 7 अक्टूबर को कार्यक्रम के समापन पर सम्मानित किया जाएगा।
भारत में हर वर्ष 1 से 7 अक्टूबर तक वन्य प्राणी सप्ताह मनाया जाता है। इसका मुख्य उद्देश्य लोगों में वन्य प्राणियों और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है, क्योंकि वन्यजीव हमारे पारिस्थितिकी तंत्र का अहम हिस्सा हैं, जिनके कारण प्रकृति में संतुलन बना रहता है। साल 1952 में इसकी परिकल्पना की गई थी। सीटीआर के निदेशक डॉ. साकेत बडोला ने कहा कि पूरे भारत में 1 से 7 अक्टूबर तक वन्य प्राणी सप्ताह मनाया जाता है। हम लोगों का उद्देश्य है कि अधिक से अधिक लोगों को वन्य जीवों और पेड़-पौधों के बारे में जागरूक किया जाए, जिससे उनको बचाया जा सके। 7 अक्टूबर तक विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जाएगा।
छात्र पंकज आर्य ने बताया कि मैं टाइगर बनकर लोगों को जागरूक कर रहा हूं। वन्य जीवों को बचाना चाहिए, ये हमारे पर्यावरण के लिए बहुत जरूरी है।
Tagsकॉर्बेट टाइगर रिजर्ववन्य प्राणी सप्ताहरामनगरवन्यजीव संरक्षणसाइकिल रैलीबच्चों की जागरूकतापर्यावरण संरक्षणडॉ. साकेत बडोलाजनता से रिश्ता न्यूज़जनता से रिश्ताआज की ताजा न्यूज़हिंन्दी न्यूज़भारत न्यूज़खबरों का सिलसिलाआज की ब्रेंकिग न्यूज़आज की बड़ी खबरमिड डे अख़बारहिंन्दी समाचारजनताJanta Se Rishta NewsJanta Se RishtaToday's Latest NewsHindi NewsIndia NewsKhabron Ka SilsilaToday's Breaking NewsToday's Big NewsMid Day Newspaperjantasamachar newssamacharHindi news
Next Story





