उत्तराखंड

नगर निगम में विकसित भारत संकल्प यात्रा के तहत कार्यक्रम आयोजित किया गया

Admindelhi1
22 Feb 2024 9:38 AM GMT
नगर निगम में विकसित भारत संकल्प यात्रा के तहत कार्यक्रम आयोजित किया गया
x
केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का प्रचार किया

ऋषिकेश न्यूज़: विकसित भारत संकल्प यात्रा के तहत मंगलवार को नगर निगम में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान सरकारी महकमों के स्टॉल लगाए गए। इनमें लोगों को केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियां बताई गईं। सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन भी हुआ। कार्यक्रम में राजस्व विभाग, नगर निगम, स्वास्थ्य, जल संस्थान, ऊर्जा निगम और अन्य विभागों के स्टॉल पर स्थानीय लोग सरकार की योजनाओं की जानकारी लेने पहुंचे। उन्हें विभागीय कर्मचारियों ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों से अवगत कराते हुए प्रदेश सरकार की योजनाओं की जानकारी भी दी। कार्यक्रम में महिला स्वयं सहायता समूह के हस्तनिर्मित उत्पादों के स्टॉल भी लगे।

नगर आयुक्त शैलेंद्र सिंह नेगी ने लोगों से सरकार की योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने लोगों से शहर को स्वच्छ रखने में नगर निगम को सहयोग देने की अपील भी की। कहा कि स्वच्छता सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। कार्यक्रम में प्रचार वाहन भी पहुंचा, इसमें विकसित भारत की फिल्म लोगों को दिखाई गई। नीरजा गोयल और महेंद्र कुमार ने मतदाता जागरूकता और स्वच्छता की शपथ दिलाई। मौके पर राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल, सहायक नगर आयुक्त चंद्रकांत भट्ट, रमेश रावत, पूर्व मेयर अनिता ममगाईं, भाजपा जिलाध्यक्ष रविंद्र राणा, जीएस नयाल, जयेंद्र रमोला, राहुल शर्मा, नीरज गोयल, डीएस गुसाईं, जितेंद्र अग्रवाल, पंकज अग्रवाल, सुनील आदि रहे।

मतदान जागरूकता के लिए हस्ताक्षर अभियान

नगर निगम में आयोजित कार्यक्रम मंगलवार को आकर्षण का केंद्र रहा। स्थानीय लोगों ने कार्यक्रम में पहुंचकर मतदान जागरूकता के लिए चले हस्ताक्षर अभियान में भी हिस्सा लिया। सैंकड़ों लोगों ने दस्तखत कर चुनाव में मत अधिकार का प्रयोग करने की शपथ ली।

सौरभ, विवेक, शिवानी के गीतों पर थिरके लोग

विकसित भारत संकल्प यात्रा कार्यक्रम में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां भी दी गईं। इसमें लोक गायक सौरभ मैठाणी, विवेक नौटियाल और शिवानी नेगी ने प्रस्तुतियां दीं। उनके गढ़वाली गीतों पर नगर निगम के कर्मचारियों के साथ स्थानीय लोग थिरकते दिखे।

Next Story