उत्तराखंड

प्रो. रमोला को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड देकर किया सम्मानित

Admindelhi1
24 Oct 2026 5:47 PM IST
प्रो. रमोला को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड देकर किया सम्मानित
x
प्रो. रमोला को मिला प्रतिष्ठित लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड

नई टिहरी: हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के एसआरटी परिसर बादशाहीथौल नई टिहरी के पूर्व निदेशक व भौतिकी विभागाध्यक्ष प्रोफेसर आरसी रमोला को नाभिकीय भौतिकी के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। शनिवार को दिल्ली विश्वविद्यालय में आयोजित नाभिकीय भौतिकी एवं उसके अनुप्रयोग विषयक अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया।

बता दें कि प्रो. आरसी रमोला को यह सम्मान भारत में नाभिकीय भौतिकी अनुसंधान की प्रगति में उनके महत्वपूर्ण योगदान, दीर्घकालीन वैज्ञानिक सेवाओं, समर्पण एवं उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए मिला है। उन्होंने अपनी वैज्ञानिक उपलब्धियों से न केवल देश में, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी विशिष्ट पहचान बनाई है। वे लगातार पांच वर्षों से विश्व के शीर्ष दो प्रतिशत वैज्ञानिकों की सूची में अपना स्थान बनाए हुए हैं।

रमोला विश्वविद्यालय में परिसर निदेशक सहित विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उनके नाम 300 से अधिक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय शोध पत्रों के लेखन का रिकॉर्ड दर्ज है। इसके अतिरिक्त उन्होंने दो दर्जन से अधिक शोधार्थियों को शोध कार्य में मार्गदर्शन दिया है।

दिल्ली विश्वविद्यालय में प्रो. रमोला को प्रतिष्ठित लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किए जाने पर टिहरी परिसर के शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों, छात्र-छात्राओं सहित छात्रसंघ पदाधिकारियों ने हर्ष व्यक्त किया। उन्होंने इसे विवि के लिए भी एक उपलब्धि बताया है।

Next Story