उत्तराखंड

तीसरी बार सरकार बनाने की तैयारी, भाजपा ने बूथ मजबूत करने पर दिया जोर

Admindelhi1
23 Nov 2026 11:01 AM IST
तीसरी बार सरकार बनाने की तैयारी, भाजपा ने बूथ मजबूत करने पर दिया जोर
x
उत्तराखंड में भाजपा का मिशन 2027, जन आशीर्वाद यात्रा निकालने का ऐलान

हरिद्वार: उत्तराखंड में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। रविवार को हरिद्वार के प्रेम आश्रम में आयोजित भाजपा की विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में 60 से अधिक विधानसभा सीटें जीतने का लक्ष्य रखा गया। बैठक में पारित राजनीतिक प्रस्ताव के जरिए सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने और बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत बनाने पर जोर दिया गया।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य महेंद्र भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड में विकास और विरासत से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्य हुए हैं। उन्होंने चारधाम यात्रा की सुविधाओं, सड़क और हवाई संपर्क तथा निवेश के क्षेत्र में हुए कार्यों का उल्लेख किया।

भट्ट ने समान नागरिक संहिता, धर्मांतरण विरोधी कानून और नकल विरोधी कानून को सरकार की प्रमुख उपलब्धियां बताया। उन्होंने दावा किया कि अतिक्रमण विरोधी अभियान में 13 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि मुक्त कराई गई है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से प्रत्येक बूथ को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि पार्टी पंजाबी, सिख, ओबीसी, अनुसूचित जनजाति, युवा और महिला सम्मेलन आयोजित करेगी। केंद्र सरकार की उपलब्धियों को लेकर जन आशीर्वाद यात्रा भी निकाली जाएगी।

बैठक में राजनीतिक प्रस्ताव पेश करते हुए राज्यसभा सदस्य नरेश बंसल ने दावा किया कि उत्तराखंड में केंद्र सरकार की ढाई लाख करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाएं संचालित हैं। उन्होंने जमरानी, लखवाड़, किसाऊ और त्यूणी-प्लासू बांध परियोजनाओं का उल्लेख किया।

बंसल के अनुसार, प्रदेश में करीब 2,200 स्टार्टअप और 47 हजार स्वयं सहायता समूह संचालित हैं। उन्होंने महिलाओं को सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत, खिलाड़ियों को चार प्रतिशत और राज्य आंदोलनकारियों को 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण दिए जाने का भी उल्लेख किया।

उन्होंने कहा कि दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे और ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना पर्यटन एवं रोजगार के लिए महत्वपूर्ण हैं। बैठक में कार्यकर्ताओं से सरकारी योजनाओं की जानकारी जनता तक पहुंचाने की अपील की गई।

Next Story